चतरा (ब्यूरो)। अगले पांच वर्ष में झारखंड देश के अग्रणी राज्यों में शुमार होगा। ये बातें गुरुवार को स्थानीय बाबा घाट में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहीं। वह चतरा विधानसभा क्षेत्र से जनार्दन पासवान तथा सिमरिया विधानसभा क्षेत्र से पार्टी के उम्मीदवार किसुन दास के पक्ष में चुनावी सभा कर रहे थे। उनके साथ स्थानीय सांसद सुनील कुमार सिंह तथा यूपी सरकार के मंत्री डॉ। महेंद्र प्रताप सिंह भी थे।

पूर्ण बहुमत वाली सरकार बनाएं

अमित शाह ने कहा कि ओबीसी को सामाजिक व आर्थिक रूप से मजबूत करने के लिए चुनाव के बाद एक कमेटी का गठन किया जाएगा, जिसकी रिपोर्ट पर ओबीसी के आरक्षण के कोटे को बढ़ाने का निर्णय होगा। उन्होंने लोगों से कहा कि प्रदेश में दोबारा भाजपा की पूर्ण बहुमत वाली सरकार बनाएं। ताकि अगले पांच वर्ष में झारखंड को देश के अग्रणी राज्यों में शुमार किया जा सके।

रघुवर सरकार के गिनाए काम

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने रघुवर सरकार के पिछले पांच वर्ष के कार्य गिनाए। सरकार ने 30 लाख घरों में बिजली पहुंचाई है। 2024 तक राज्य के सभी घरों में नल से पानी पहुंचाने का काम पूरा किया जाएगा। देवघर में एम्स तथा रांची में कैंसर अस्पताल की स्थापना होने जा रही है। हजारीबाग, पलामू में मेडिकल कॉलेज की स्थापना होने वाली है। उन्होंने बताया कि सिर्फ चतरा जिला में 170 किलोमीटर चौड़ी सड़क बनाई गई है। 73 हजार 187 शौचालय का निर्माण किया गया है। 57 हजार लाभुक महिलाओं को गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया गया है। 20 हजार लोगों को प्रधानमंत्री आवास दिया गया है। पांच लाख तक के इलाज के लिए एक लाख उन्नीस हजार लोगों का आयुष्मान भारत कार्ड बनाया गया है। इसके अतिरिक्त सुकन्या योजना, मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना का भी लाभ चतरा वासियों को दिया जा चुका है।

राम मंदिर पर रोड़े अटकाती रही कांग्रेस

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने अपने संबोधन के दौरान धारा 370 तथा राम मंदिर के निर्माण का भी मुद्दा जोरदार तरीके से उछाला। उन्होंने कहा कि झारखंड ने 14 में से 12 सांसद भाजपा को दिया। सरकार बनने के बाद मोदी सरकार ने तुरंत कश्मीर से धारा 370 समाप्त कर दी। हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ने अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण का मार्ग प्रशस्त कर दिया। उन्होंने राम मंदिर के निर्माण के विवाद के लिए कांग्रेस को सीधे तौर पर जिम्मेवार ठहराया। कहा कि कांग्रेस पार्टी राम मंदिर के निर्माण में लगातार रोड़े अटकाते रही हैं। इससे पूर्व भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रो। युगलकिशोर खंडेलवाल ने स्वागत भाषण दिया।

ranchi@inext.co.in