रांची (ब्यूरो)। भाजपा ने अपने चुनाव घोषणापत्र में जनजातीय विकास का संकल्प दोहराया है तो किसानों, युवाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन के क्षेत्र में विकास की उम्मीदें जताई हैं। गरीबों के साथ-साथ औद्योगिक विकास की भी चिंता की गई है। हर बीपीएल परिवार के एक व्यक्ति को रोजगार-स्वरोजगार उपलब्ध कराने का वादा भी भाजपा ने किया है।

वादे पूरी करेगी पार्टी

बुधवार को केंद्रीय मंत्री रविशंकर, मुख्यमंत्री रघुवर दास, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा समेत भाजपा ने शीर्ष नेताओं ने अपना चुनाव घोषणापत्र जारी किया है। पिछले दिनों भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने अपनी लोहरदगा की जनसभा में पिछड़े समाज का आरक्षण बढ़ाने की बात कही थी। शाह के वादे को पार्टी ने अपने संकल्प पत्र में प्रमुखता दी है। वादा किया है कि गहन सर्वेक्षण करा कर छह माह के भीतर संविधान के दायरे में उन्हें सरकारी और शिक्षक संस्थाओं में आरक्षण दिया जाएगा। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने मीडिया से बातचीत में भी इसे स्पष्ट करते हुए तीन माह के भीतर इसे लागू करने की बात कही।

महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण

भाजपा ने पिछड़ा वर्ग के साथ-साथ महिलाओं को भी सरकारी सेवाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण प्रदान करने की बात कही है। जनजातीय विकास का संकल्प भी दोहराया गया है। 2022 तक 70 नए एकलव्य विद्यालयों के निर्माण के साथ-साथ सभी जनजातीय विद्यार्थियों के लिए छात्रावास के निर्माण की बात कही गई है। किसानों को तीन लाख तक सस्ती ब्याज दर पर ऋण प्रदान करने और फसल की पूर्ण सुरक्षा के लिए मुख्यमंत्री पूर्ण कृषि बीमा योजना की शुरुआत करने की बात भी भाजपा ने कही है। झारखंड को नक्सलमुक्त प्रदेश बनाने के वादे के साथ-साथ घुसपैठ की समस्या के समाधान के लिए राज्य में एनआरसी लागू करने की बात भी भाजपा ने कही है। आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों को प्री मैट्रिक और पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना अंतर्गत 2200 और 7500 दिए जाएंगे।

स्कूलों के 1000 करोड़ का विशेष कोष

भाजपा ने सरकारी स्कूल और कालेजों के लिए 1000 करोड़ का कोष बनाकर इन्हें आधुनिक बनाने की बात कही है। 100 नई 108 सेवा शुरू करने, सभी शहरों में अटल मोहल्ला क्लीनिक की संख्या दोगुनी करने और राज्य के सभी प्रमंडलों के प्रमुख अस्पताल में आधुनिक अटल कैंसर उपचार केंद्र स्थापित करने का वादा भी किया है।

2022 तक हर गरीब को आवास

भाजपा ने आधारभूत संरचना के विकास को भी प्रमुखता दी है। पार्टी ने वर्ष 2024 तक 22000 किमी नई सड़कें, 150 पुल बनाने के साथ-साथ सभी जिलों को एक-दूसरे से जोड़ने के लिए आठ लेन झारखंड माला राजमार्ग का निर्माण करने की बात कही है। हर घर में बिजली की आपूर्ति और घरेलू मीटर के लिए स्थापना शुल्क माफ करने की बात भी कही है। हर घर को शुद्ध पेयजल की सुविधा और 2022 तक हर गरीब को अपना घर की सौगात देने का वादा भी किया है।

ranchi@inext.co.in