RANCHI: 12 दिसंबर को रांची, हटिया, कांके, खिजरी और सिल्ली में मतदान होना है। इसे देखते हुए बुधवार को ही प्रशासन ने पोलिंग पार्टियों को रवाना किया। मौके पर मौजूद एसएसपी और डीसी ने कहा कि तैयारी के साथ-साथ सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। तीसरे चरण का मतदान होना है। ऐसे में रांची जिले के तहत पढ़ने वाले रांची,हटिया,कांके,खिजरी और सिल्ली विधानसभा क्षेत्र के लिए मोराबादी स्थित फुटबॉल स्टेडियम से पोलिंग पार्टी को बुधवार को रवाना किया गया है। इन पांचों विधानसभा क्षेत्र में दो हजार बूथों के लिए पोलिंग पार्टी को रवाना किया गया है

उपायुक्त ने दी जानकारी

जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राय महिमापत रे ने जानकारी देते हुए कहा है कि समय पर सभी मतदान कर्मी पहुंच जाएं। इस पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि मतदान से पहले मतदानकर्मी पूरी तरह से तैयार रह सके। उन्होंने बताया कि रांची, कांके और हटिया में सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे शाम तक मतदान होगा। जबकि खिजरी और सिल्ली में सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान होगा। वहीं निर्धारित समय के अंदर बूथ में प्रवेश करने वाले मतदाताओं का मतदान कराया जाएगा।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

वहीं, एसएसपी अनीष गुप्ता ने कहा है कि पांचों विधानसभा क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। ताकि भयमुक्त वातावरण में मतदान संपन्न कराया जा सके। उन्होंने कहा है कि संवेदनशील और नक्सल प्रभावित इलाकों में पैनी नजर रखी जा रही है। खासकर खिजरी और सिल्ली समेत कांके विधानसभा क्षेत्र के सीमावर्ती इलाकों में नक्सल गतिविधि की सूचना समय-समय पर आती रहती है। इसे ध्यान में रखते हुए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि शांतिपूर्ण माहौल में चुनाव संपन्न होगा।