RANCHI:विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण में रांची समेत 17 सीटों के लिए हुई वोटिंग में शहरी वोटर्स की उदासीनता बरकरार रही। 2014 का ही वोटिंग पैटर्न इस बार भी कायम रहा। रांची में जहां 2014 के विधानसभा चुनाव में 48.54 फीसदी वोट पड़े थे, वहीं इस बार केवल 0.56 परसेंट की बढ़ोत्तरी हुई। गुरुवार को हुई वोटिंग में सिल्ली विधानसभा के वोटर्स ने एक बार फिर बाजी मार ली। सिल्ली में पिछली बार 76.16 फीसदी वोट पड़े थे। इस बार थोड़ा और इजाफा हुआ है। सिल्ली में कुल 76.98 फीसदी मतदान हुआ। यानी रांची से लगभग 28 फीसदी ज्यादा वोटिंग सिल्ली में हुई। सिल्ली विधासभा क्षेत्र ग्रामीण बहुल इलाका है, जबकि रांची पूरी तरह से शहरी वोटर्स का गढ़ है।

हर दो घंटे पर 10 फीसदी वोट

रांची के लोगों की सुस्ती का आलम यह रहा कि हर दो घंटे पर दस या नौ फीसदी वोटिंग परसेंटेज बढ़ा। सुबह सात से नौ बजे तक 10.64 फीसदी मतदान हुआ। फिर 11 बजे तक 19.35 फीसदी वोटिंग दर्ज हुई। दोपहर 1 बजते-बजते 30.61 प्रतिशत वोटिंग हुई। इसके बाद दिन के तीन बजे 39.85 फीसदी और शाम के पांच बजे 49.10 फीसदी वोटिंग हुई। यानी, लोगों के घरों से निकलने का सिलसिला कभी बहुत ज्यादा तेज नहीं हुआ। पहले जलपान, फिर मतदान की अवधारणा को भी इस वोटिंग पैटर्न ने तोड़ दिया।

विधानसभा चुनाव में वोट का प्रतिशत

सीट - 2014 - 2019

1. कोडरमा - 65.47- 58.20

2. बरकट्ठा - 65 - 61.18

3. बरही - 65.27 - 63.40

4. बड़कागांव - 60.25 - 60.38

5. रामगढ़ - 63 - 61.12

6. हजारीबाग - 61.85 - 57.18

7. सिमरिया - 61 - 62

8. धनवार - 63.51 - 59.86

9. गोमिया - 69.70 - 66.20

10. बेरमो - 65.58 - 59.50

11. ईचागढ़ - 71 - 67.09

12. सिल्ली - 76.16 - 76.98

13. खिजरी - 60.16 - 63.09

14. रांची - 48.54 - 49.10

15. हटिया - 56.81 - 53.63

16. कांके - 59.43 - 62.83

17. मांडू - 60.07 - 62.41