JAMSHEDPUR: लौहनगरी में दूसरे चरण के लिए सात दिसंबर को होने वाले मतदान के चुनाव प्रचार में महज दो दिन शेष हैं। चुनाव आयेाग के आदेश के अनुसार दूसरे चरण का चुनाव प्रचार पांच दिसंबर शाम पांच बजे तक समाप्त हो जाएगा। प्रचार का समय कम होने से प्रत्याशी भोर से देर रात का समय चुनाव प्रचार में ही बिता रहे हैं। प्रत्याशी हर गली और मोहल्ले के लोगों से मिलकर चुनाव में उनको ध्यान रखने की याद दिला रहे हैं। मंगलवार को जमशेदपुर पूर्वी, पश्चिमी, पोटका और जुगसलाई विधानसभा के प्रत्याशियों ने गली-मोहल्लों में पहुंचकर चुनाव प्रचार किया। जमशेदपुर पूर्वी से बीजेपी प्रत्याशी सीएम रघुवर दास ने सुबह मानगो स्थित खुदीराम बोस की प्रतिमा में माला चढ़ाकर उनका नमन किया। इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्र के लोगों से बीजेपी को वोट करने की अपील की। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी गौरव बल्लभ ने पूर्वी क्षेत्र के बागुनहातु, बिरसानगर के लोगों से मिलकर समर्थन मांगा। झाविमो प्रत्याशी अभय सिंह ने सिदगोड़ा में लोगों से मिलकर कंघी पर वोट डालने को कहा। जमशेदपुर पश्चिमी विधानसभा से गठबंधन प्रत्याशी बन्ना गुप्ता ने मजदूरों के साथ सभा कर वोट मांगा। देवेंद्र सिंह ने सोनारी, मुन्ना सिंह, पंकज कुमार ने मागनो के हिल व्यू कॉलोनी और शंभू चौधरी ने रोड शो कर जनसंपर्क किया।

शंभू चौधरी ने सोनारी-कदमा में बाजार में किया जनसंपर्क

आज आम आदमी पार्टी (आप) के प्रत्याशी शंभू चौधरी ने मंगलवार को पत्‍‌नी गौरी संग रोड शो कर जनसंपर्क किया। उन्होंने रोड शो की शुरुआत पार्टी कार्यालय के प्रधान कार्यालय चंद्रावती नगर से की। इसके बाद उनका काफिला, बालीगुमा से शंकोसाई, डिमना रोड से पोस्ट ऑफिस रोड , गुरुद्वारा रोड, मानगो बस स्टैंड, ओल्ड पुलिया रोड ,पारडीह, चेपा पुल, आजाद बस्ती से डिमना रोड होते हुए पार्टी कार्यालय पर समाप्त हुआ। रोड शो शंभू चौधरी ने अपने हजारों कार्यकर्ता समर्थकों के साथ क्षेत्र के लोगों से हाथ जोड़कर झाड़ू पर बटन दबाने की अपील की। शंभू चौधरी ने कहा कि हम ना विधायक थे न मंत्री फिर भी मानगो में इतिहास रचा। मानगो को नगर निगम बनाया, मानगो को अंचल-प्रखंड बनवाया, विधवा-वृद्धा विकलांग पेंशन 600 से 1000 करवाया। हजारों लोगों को बीमारी योजना से सरकार से फंड दिलाकर आर्थिक मदद की है। इस कार्यक्त्रम में रोड शो में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जयशंकर चौधरी, वरीय नेता प्रेम कुमार, विनोद आदि शामिल हुए

झारखंड का विकास आजसू के हाथों ही संभव: मुन्ना सिंह

जमशेदपुर पश्चिमी विधानसभा के आजसू प्रत्याशी मुन्ना सिंह उर्फ ब्रजेश ने मंगलवार को सोनारी, कागलनगर, आदर्शनगर, बीएच एरिया, जनता बस्ती में पदयात्रा कर अपने समर्थन में वोट मांगा। इसके साथ जगह-जगह नुक्कड़ सभा कर लोगों से मुखातिब हुए। इस मौके पर उन्होंने कहा कि वादे नही इरादे के साथ आजसू से जुड़े और आजसू वादा नही करती बल्कि झारखंडी भावनाओं का सम्मान करती है। उन्होंने कहा कि आजसू ने मध्यम वर्गीय लोगों के साथ हर समय कदम से कदम मिलाकर चलने और शिक्षा में व्याप्त भ्रष्टाचार को खत्म करने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि आज निजी स्कूलों की मनमानी पर कोई भी सरकार अंकुश नहीं लगा रही है, जिससे आजसू ने सबसे पहले खत्म करने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही सरकारी स्कूलों में क्वालिटी और एजूकेशन और बेहतर शिक्षा व्यवस्था विकसित की जाएगी। उन्होंने पश्चिम विधानसभा की जनता से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक संख्या में आजसू और केला के पक्ष में मतदान करे और पार्टी सुप्रीमो के हाथों को मजबूत करे।

पंकज कुमार ने किया जनसंपर्क

पश्चिमी विधानसभा क्षेत्र के जेवीएम प्रत्याशी पंकज कुमार ने मंगलवार को सोनारी ग्वाला बस्ती व शाम को बालीगुमा डिमना रोड में पदयात्रा कर लोगों का समर्थन मांगा। पदयात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने एक ही नारा दिया 'भूख प्यास और भ्रष्टाचार को मिटाना तो इस बार बाबूलाल मरांडी सरकार को ही लाना है'। उन्होंने कहा कि झारखंड निर्माण के बाद हमारे प्रमुख बाबू लाल मरांडी जी ने राज्य के विकास के लिए अनगिनत कार्य किए, जिसके बल पर राज्य आज विकास की राह पर है। उन्होंने कहा कि इस बार आप लोगों के बहकावे में न आकर कंघी छाप पर ही बटन दबाएं। उन्होंने कहा कि महागठबंधन और बीजेपी के लोंगों ने क्षेत्र को लूटा है। पांच सालों में जमशेदपुर पश्चिमी विधानसभा के लोगों की समस्या जस का तस है, आज भी बिजली पानी और गंदगी की समस्या से मानगो के लोग जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज भी मानगो नगर निगम में काम के लिए लोगों को 10 चक्कर मारना पड़ता है। उन्होंने कहा कि बाबूलाल मरांडी ने प्रदेश के विकास का पूरा खाका तैयार किया है। पंकज कुमार ने इस दौरान बुजुर्ग लोगों से आशीर्वाद लिया और संकल्प लिया कि अगर सरकार बनती है तो हर काम पूरा होगा हर समस्या का समाधान होगा। उन्होंने कहा कि स्कूलों से एडमिशन में होने वाले लॉटरी सिस्टम को हटाया जाएगा।

वोटरों के समर्थन ने बढ़ाया अभय का उत्साह

झारखंड विकास मोर्चा के महासचिव और जमशेदपुर पूर्वी प्रत्याशी अभय सिंह ने मंगलवार को पूर्वी क्षेत्र के बारीडीह के विद्यापति नगर में जनसंपर्क किया और सिविल कोर्ट में वकीलों से मुलाकात कर समर्थन मांगा। वकीलों ने अभय सिंह का समर्थन करने का वादा किया। शाम 4.45 बजे अभय सिंह पदयात्रा के लिए रिफ्यूजी कॉलोनी स्थित श्रीकृष्ण मंदिर पहुंचे। वहां अभय सिंह ने लोगों से बातचीत की और उनकी समस्याओं को जाना। अभय ने रिफ्यूजी कॉलोनी के लोगों से वादा किया कि झाविमो की सरकार बनने पर जमशेदपुर पूर्वी में सभी मुद्दों पर त्वरित फैसला लिया जाएगा। अभय ने वर्तमान सरकार की आलोचना करते हुए लोगों को सरकार बदलने के लिए जागरूक किया और उन्हें कहा कि अगर सभी मिलकर संघर्ष नहीं करेंगे तो भाजपा जमशेदपुर पूर्वी के विकास में हमेशा बाधा बनेगी। रिफ्यूजी कॉलोनी में पदयात्रा के बाद अभय सिंह शाम 6.30 से आठ बजे तक टिनप्लेट चौक और नामदा बस्ती में जनसंपर्क अभियान चलाया।

मोटर साइकिल रैली निकाल मांगा समर्थन

जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा सीट से महागठबंधन के उम्मीदवार प्रो। गौरव वल्लभ ने मंगलवार को पूरे पूर्वी विधानसभा क्षेत्र में मोटरसाइकिल रैली निकाली। इस रैली में करीब 800 मोटरसाइकिल पर सवार यूथ कांग्रेस के नेता व कार्यकर्ताओं ने अपनी शक्ति व एकजुटता का अहसास कराया। टेल्को से शुरू होकर तार कंपनी, लेबर ब्यूरो, ट्रक पार्क, प्लाजा मार्केट, 26 नंबर रोड, न्यू मार्केट होते हुए आजाद मार्केट में इसका समापन हुआ। प्रत्याशी गौरव वल्लभ ने अंत में सभा को संबोधित करते हुए कहा कि जनता इस बार अहंकारी रघुवर की सरकार को उखाड़ फेंकेगी। जमशेदपुर पूर्वी की एक-एक जनता शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, 86 बस्तियों के मालिकाना, बंद पड़ी कंपनियों को खुलवाने के साथ ही आदिवासी-मूलवासी के साथ ही समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने के मुद्दे पर कांग्रेस को आशीर्वाद देने का मन बना चुकी है। दूसरी ओर, बागुनहातु से कांग्रेस के वरीय नेता आनंद बिहारी दुबे के नेतृत्व में भी एक मोटरसाइकिल रैली निकाली गई। कार्यक्रम में बक्सर विधायक मुन्ना तिवारी, एआइसीसी सचिव सह महाराष्ट्र के प्रभारी बीएम संदीप, राकेश्वर पांडेय, रामाश्रय प्रसाद, आनंद बिहारी दुबे, डॉ। परितोष सिंह, संजीव रंजन, जगदीश महतो, जम्मी भास्कर, शामिल हुए।

बन्ना गुप्ता ने वोटरों से मांगा समर्थन

जमशेदपुर पश्चिमी विधानसभा के महागठबंधन प्रत्याशी बन्ना गुप्ता ने मंगलवार को पुराना कोर्ट में जाकर अधिवक्ताओं से मुलाकात की। जिसके बाद उन्होंने सोनारी के बच्चा सिंह बस्ती, शिव मुनि सिंह बस्ती, टिल्लू भट्टा, पंचवटी नगर विलास बस्ती, बलराम बस्ती एवं बिरसा बस्ती में पदयात्रा कर जनसंपर्क अभियान चलाया। उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा प्रत्याशी अपनी जमानत बचाने के लिए प्रधानमंत्री एवं अन्य स्टार प्रचारकों को बुला रहे हैं। भाजपा की डबल इंजन की सरकार इतना अच्छा कार्य कर रही होती तो राष्ट्रीय राजमार्ग 33 रांची टाटा मार्ग 120 किलोमीटर किए दुर्दशा नहीं होती डबल इंजन की राज्य सरकार पूरी तरह विफल है। राज्य में तो उद्योग एवं कल कारखाने में ताले लटकने लगे हैं महंगाई और बेरोजगारी चरम पर है। इन गंभीर समस्याओं को दूर करने के लिए देशव्यापी नीति निर्धारण किए जाने की आवश्यकता है। प्रत्याशी बन्ना गुप्ता ने कहा कि स्थानीय और छोटी छोटी समस्याओं को लेकर झारखंड की जनता दिल्ली नहीं जाएंगे झारखंड एवं जमशेदपुर की जनता अपने हित का निर्णय स्वविवेक से लेगी।