- रक्षा मंत्री ने जमशेदपुर और बेरमो में भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में कीं चुनावी सभाएं

- कहा - जो सचमुच में विदेशी हैं, उसे भारत का नागरिक कभी नहीं मानेंगे

- भाजपा की सरकार ने लिए मजबूत फैसले, जो कहा वो किया

जमशेदपुर/बेरमो(बोकारो) : असम के बाद अब पूरे देश में राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) को लागू किया जाएगा। जो सचमुच में विदेशी हैं, उन्हें भारत का नागरिक कभी नहीं मानेंगे। यह बात रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को जमशेदपुर के आदित्यपुर और बोकारो के बेरमो में आयोजित चुनावी सभाओं में कही। इस दौरान उन्होंने भाजपा प्रत्याशियों के लिए वोट मांगते हुए कहा कि भाजपा की केंद्र और राज्य की सरकारों ने विकास के नए युग की शुरुआत की है। इसलिए झारखंड में एक बार फिर डबल इंजन की सरकार बनवाएं। रक्षा मंत्री ने इस दौरान उन्होंने जहां धारा 370 ए की चर्चा की वहीं राम मंदिर भी उनके भाषण के केंद्र में रहा।

एक देश, एक संविधान

उन्होंने कहा कि भाजपा जो कहती है वह करती है, भाजपा सरकार ने जम्मू-कश्मीर से धारा 370 ए हटाया और देश में एक संविधान, एक झंडे के नारे को पूरा किया। इसके अलावा तीन तलाक से महिलाओं को मुक्ति दिलाई। राम मंदिर का जिक्र करते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद अब इस विवाद का समाधान हो गया है। अब अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण होगा। झारखंड की चर्चा करते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार ने यहां नए झारखंड का सपना पूरा किया। पांच साल में झारखंड भारत के टॉप सात राज्यों में आ गया है, जहां विदेश के लोग भी निवेश करना चाहते हैं।

---

दुनिया ने माना हमारे मजबूत फैसलों का लोहा

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दुनिया में भारत की धाक बढ़ी है और हमारे मजबूत फैसलों का दुनिया ने लोहा माना। कहा कि भ्रष्टाचार के प्रति हमने जीरो टॉलरेंस का रवैया अपनाया। भारतीय जनता पार्टी के किसी नेता पर भ्रष्टाचार का दाग नहीं लगा। इस दौरान उन्होंने स्वच्छ भारत अभियान, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास, पीएम किसान और उज्ज्वला योजनाओं की चर्चा करते हुए कहा कि इन योजनाओं से देशवासियों के जीवन में बदलाव आया है।