-कांग्रेस भवन में आयोजित कार्यक्रम में जुटे सैकड़ों समर्थक

रांची : रांची नगर निगम के पूर्व डिप्टी मेयर अजय नाथ शाहदेव ने आखिरकार रविवार को कांग्रेस का दामन थाम लिया। उन्होंने वर्ष-2014 में भाजपा ज्वाइन की थी। इससे पूर्व वे झारखंड विकास मोर्चा के बैनर तले राजनीति करते थे। इस अवसर पर उनके साथ सैकड़ों की संख्या में युवाओं ने भी कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ। अजय कुमार ने पार्टी में शाहदेव का स्वागत करते हुए कहा कि यह इनकी घर वापसी है। कांग्रेस को पूरे राज्य में अजयनाथ शाहदेव की लोकप्रियता का लाभ मिलेगा।

सामान्य था कार्यक्रम

रविवार को कांग्रेस भवन में आयोजित सामान्य कार्यक्रम में शामिल होने के क्रम में अजयनाथ शाहदेव ने कहा कि पिछले दिनों अपने समर्थकों से मिलकर भविष्य की राजनीति पर चर्चा की तो सभी ने एकमत से कांग्रेस में शामिल होने का सुझाव दिया और इसे अमलीजामा पहना दिया गया है। शाहदेव ने कहा कि जब डॉ। अजय कुमार पुलिस पदाधिकारी थे तो हमारे रोल मॉडल हुआ करते थे और अब उनके अधीन राजनीति करने का गौरव हासिल हुआ है। उन्होंने प्रदेश की भाजपा सरकार को घमंडी करार दिया।

प्रदेश प्रवक्ता राजीव रंजन ने कार्यक्रम का संचालन किया जबकि धन्यवाद ज्ञापन लाल किशोरनाथ शाहदेव ने किया। इस मौके पर संजय पांडेय, डॉ राजेश गुप्ता, अजय राय, राजेश सिन्हा सन्नी समेत सैकड़ों लोग मौजूद थे।

-----

राज्य में होर्डिग्स की सरकार बन गई है। युवा बेरोजगार हैं और किसान-मजदूरों की लगातार अनदेखी हो रही है। ऐसे में कांग्रेस के अलावा कई लोगों का हित नहीं कर सकता।

-अजयनाथ शाहदेव, पूर्व डिप्टी मेयर, रांची