RANCHI: 64वीं राष्ट्रीय अंडर 17 व अंडर 19 ग‌र्ल्स वुशु प्रतियोगिता के दूसरे दिन शनिवार को भी झारखंड के खिलाडि़यों का दबदबा कायम रहा। दोनों ही वर्गो में झारखंड के खिलाडि़यों ने अपनी बढ़त बनाए रखी। अंडर 17 एवम अंडर 19 वर्ग के 18 में से कुल 14 वेट कैटेगरी में झारखंड के खिलाडि़यों ने अपनी बढ़त बनाए रखी है। अंडर 17 में सोनाली उरांव 40 किलो भार वर्ग, अलका कुमारी 45 किलो, आरती कुमारी 52 किलो, उर्मिला शालिनी लकड़ा 60 किलो, प्रीति कुमारी 65 किलो एवम प्रकृति गर्ग ने 65 किलो से ज्यादा भर वर्ग में अपना पदक पक्का कर लिया है। जबकि अंडर 19 वर्ग के 36 किलो में सविता कुमारी, 40 किलो में पूर्णिमा, 45 किलो में मनोरमा कच्छप, 48 किलो में प्रीति मिंज, 56 किलो में प्रिया कुमारी, 60 किलो में फूल कुमारी, 65 किलो में स्नेहा कुमारी गुप्ता, 70 किलो में अंजलि सलोनी लकड़ा ने भी अपने पदक पक्के कर लिये हैं। इधर, महाराष्ट्र की नम्रता, तनीषा, ऋतुजा सुर्वे, पंजाब की जसमीत, तलाविया, नवदीप कौर, अर्शदीप कौर, भानवी, दिल्ली की ईशा, खुशी, तनु, संगीता, चांदनी, प्रेरणा, जाह्नवी सिंह, हर्षिता, अरुणाचल की गयमर, पायल ताकू, दोरजी डेमा, ताऊग अमा ने भी अपनी बढ़त कायम रखी है।