RANCHI:झारखंड पुलिस अलंकरण दिवस का परेड समारोह डोरंडा के जैप-1 कैंपस में हुए। इस दौरान विशिष्ट सेवा, वीरता व सराहनीय सेवा के लिए राज्य के 60 पुलिस पदाधिकारियों व जवानों को राज्यपाल पदक, मुख्यमंत्री पदक व झारखंड पुलिस पदक से नवाजा गया। राज्य के डीजीपी के केएन चौबे ने कहा कि झारखंड पुलिस व पदक प्राप्त पदाधिकारियों और कर्मियों के लिए यह गर्व की बात है कि कर्तव्य के प्रति उनकी प्रशंसनीय उपलब्धियों को अखिल भारतीय स्तर पर न सिर्फ सराहा गया बल्कि इस विशेष एवं यादगार समारोह में उन्हें सम्मानित भी किया गया है।

लक्ष्य की ओर बढ़ रही पुलिस

मुख्य सचिव डीके तिवारी ने कहा कि कानून व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण में पुलिस की महत्वपूर्ण व प्रमुख भूमिका होती है, जिसे झारखंड पुलिस बखूबी निभाते हुए अपने लक्ष्य की ओर लगातार आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था, विधि व्यवस्था और यातायात व्यवस्था बनाये रखना, चोर.लुटेरों से आम जनता की रक्षा करना पुलिस का अहम दायित्व है, जिसे झारखंड पुलिस बखूबी निभा रही है।

196 नक्सलियों ने डाले हथियार

झारखंड पुलिस की ओर से नक्सलियों के विरुद्ध चलाये गये अभियान में अब तक कुल 2401 नक्सलियों और उनके समर्थकों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इनके पास से 182 लूटे हथियार भी मिले हैं। इसके अलावा 51 रेगुलर हथियार, 48553 कारतूस, 2703 लैंड माइंस व ग्रेनेड और लेवी के 5.68 करोड़ रुपये बरामद किये गये हैं। झारखंड पुलिस के प्रयास से कुल 196 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति के तहत सरेंडर किया है।

38696 में 34078 मामले निपटे

झारखंड ऑनलाइन एफआइआर सिस्टम से अबतक कुल 473 थाने जुड़ चुके हैं। इस सिस्टम के तहत अब तक कुल 38696 मामले प्राप्त हुए हैं, जिसमें 34078 मामलों का निष्पादन किया जा चुका है। वहीं 1514 मामलों में प्राथमिकी दर्ज की गयी है। रांची जिला अंतर्गत सीसीटीवी प्रणाली को लागू करने के लिए चिन्हित 170 स्थानों में से 167 लोकेशन पर काम को पूरा किया जा चुका है, जबकि अन्य जगहों पर काम चल रहा है।