JAMSHEDPUR: पूर्वी सिंहभूम जिले में कोरोना वैक्सीन लेने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। गुरुवार को कुल 758 लोगों ने कोरोना वैक्सीन की पहली डोज ली। सबसे अधिक साकची स्थित रेड क्रॉस भवन में कुल 140 लोग व सबसे कम जुगसलाई स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कुल 14 लोगों ने वैक्सीन लिया। जिले में अभी तक कोरोना वैक्सीन के पहले डोज कुल 25 हजार 106 लोगों ने लिया है। वहीं, एक हजार 26 लोगों ने कोरोना वैक्सीन का दूसरा डोज लिया है।

1152 की हुई कोरोना जांच

पूर्वी सिंहभूम जिले में गुरुवार को एक हजार 152 लोगों की कोरोना जांच हुई। इसमें 13 लोग संक्रमित मिले। जबकि एक हजार 356 लोगों का नमूना लिया गया। इन सभी का रिपोर्ट शनिवार तक आएगी। वहीं, विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कुल आठ लोग स्वस्थ होकर घर लौटे। जिले में अभी तक कुल 18 हजार 210 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इसमें 17 हजार 769 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। जबकि 375 लोगों की मौत हो गई है।

डीसी ने जारी किया पत्र

अगर आप इसी तरह लापरवाही करते गए तो फिर से लॉकडाउन व कंटेनमेंट जोन की स्थिति उत्पन्न हो जाएगी। इसे लेकर बुधवार को डीसी सूरज कुमार ने एक पत्र जारी करते हुए सभी इंसिडेंट कमांडरों को विशेष दिशा-निर्देश दिया है। पत्र में कहा गया है कि मुंबई, केरल, पंजाब आदि कई राज्यों में कोविड के नए स्ट्रेन के बढ़ते संक्रमण के कारण आंशिक लॉकडाउन, काफ्यू आदि लगाए जा रहे हैं। प्रतिदिन संक्रमण की दर बढ़ती जा रही है। जमशेदपुर शहर में भी औचक जांच में एक ही स्थान पर 10 व्यक्ति संक्रमित पाए गए है। समय रहते रोकथाम के निरोधात्मक प्रयास नहीं किए जाने पर स्थिति नियंत्रण से बाहर भी हो सकती है। संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए नियमित जांच एवं निरीक्षण किया जाना जरूरी है।