जमशेदपुर : शहर के लिए अच्छी खबर है। 145 दिन के बाद सबसे कम यानी सिर्फ एक पॉजिटिव मरीज मिला है। इससे पहले 27 फरवरी 2021 को एक संक्रमित मरीज मिला था। गुरुवार को कुल सात हजार 907 लोगों की जांच हुई। इसमें सिर्फ एक मरीज मिला, जो बहरागोड़ा का रहने वाला है। वहीं, आठ प्रखंड में एक भी कोरोना के मरीज नहीं मिले। जिले में अभी तक मरीजों की संख्या बढ़कर 51 हजार 750 हो गई है। गुरुवार को कोरोना से एक भी मरीज की मौत नहीं हुई है।

भेजा गया सैंपल

पूर्वी सिंहभूम जिले के विभिन्न प्रखंडों से गुरुवार को कुल छह हजार 205 लोगों का नमूना लेकर जांच के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेजा गया। रिपोर्ट शनिवार तक आने की उम्मीद है। जिले में अभी तक कुल 11 लाख 95 हजार 827 लोगों का नमूना लिया जा चुका है। इसमें 11 लाख 83 हजार 681 लोगों की जांच हो गई है। शहर के विभिन्न कोविड अस्पतालों में भर्ती कुल आठ मरीज गुरुवार को स्वस्थ होकर घर लौटे। जिले में अभी तक कुल 50 हजार 662 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। जिले का रिकवरी रेट 97.90 प्रतिशत है।

10032 ने ली दूसरी डोज

पूर्वी सिंहभूम जिले में गुरुवार को कुल तीन हजार 374 लोगों ने वैक्सीन की पहली डोज ली। वहीं, दस हजार 32 लोगों ने दूसरी डोज ली। जिले में अभी तक कुल पांच लाख 90 हजार 547 लोगों ने पहली डोज ली है। वहीं, एक लाख 91 हजार 194 लोगों ने दूसरी डोज ली है।

आज मिलेगी कोविशील्ड की तीन लाख डोज

राज्य को कोविशील्ड वैक्सीन निर्धारित शेड्यूल से पहले मिल रही है। सीरम इंस्टीट्यूट ने शुक्रवार को तीन लाख डोज कोविशील्ड वैक्सीन देने की सूचना राज्य सरकार को दी है। पहले 2.30 लाख डोज वैक्सीन 24 जुलाई को मिलनी थी। इससे पहले भी कोविशील्ड की वैक्सीन निर्धारित शेड्यूल से पहले मिली थी। हालांकि राज्य में कोवैक्सीन की किल्लत बरकरार है। 21 जुलाई को मिलनेवाली 31,130 डोज कोवैक्सीन गुरुवार को भी नहीं मिली। न ही अभी तक भारत बायोटेक से कोई सूचना राज्य सरकार को दी गई है। कोवैक्सीन नहीं होने से दूसरी डोज की प्रतीक्षा में बैठे लोगों को काफी परेशानी हो रही है। कई लोगों की दूसरी डोज लेने की समय सीमा भी खत्म हो गई है। इधर, गुरुवार को राज्य में 64,798 लोगों का टीकाकरण हुआ। इनमें 43,452 लोगों को पहली तथा 21,346 लोगों को दूसरी डोज का टीका लगाया गया।