जमशेदपुर (ब्यूरो): अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद जमशेदपुर महानगर के द्वारा साकची स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा के समक्ष एक दिवसीय धरना दिया गया। धरना-प्रदर्शन के जरिए हाल ही में झारखंड कर्मचारी चयन आयोग के परीक्षा पत्र के 25-25 लाख रुपए में बिकने के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया गया।

उठ गया है विश्वास

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि चूंकि आयोग के कर्मचारी आईपीएस व आईएएस हैं, इसलिए उनके खिलाफ में जांच राज्य सरकार के कनिय पदाधिकारी नहीं कर सकते हैं। इसलिए इस पूरे घटना की जांच सीबीआई से कराने की मांग की गई। छात्रों का कहना है कि इस घटना ने पूरे झारखंड के गरीब छात्रों का प्रतियोगी परीक्षाओं से विश्वास उठा दिया है। इसलिए इसमें शामिल सभी दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की जरूरत है। वहीं छात्रों के आग्रह पर मुख्य रूप से सेवानिवृत आईपीएस राजीव रंजन सिंह भी धरना में शामिल हुए और छात्रों की हौसला अफजाई की।

अच्छी वर्षा और फसल के लिए की प्रार्थना

आदिवासी संथाल समाज एवं आदिवासी हो समाज द्वारा संयुक्त रूप से किताडीह ग्राम में माघ बोंगा (पूजा) का आयोजन हुआ। गांव के नायके बाबा (पुजारी) महाबीर मुर्मू द्वारा मारंग बुरु, ग्राम देवता, जाहेर आयो, मोडे तुरुई की पूजा की गई। सभी इष्ट देवी देवताओं से किताडीह ग्राम में सभी ग्रामवासियों के सुख-समृद्धि, रोग महामारी से बचाव और अच्छी फसल व वर्षा की प्रार्थना की गई। इस क्रम में कल बच्चों, पुरुषों व महिलाओं के लिए खेलकूद प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया है। पूजा में बंगाल माझी, किशन मुर्मू, संजीव हेंब्रम, विकास मुर्मू, मनोज मुर्मू, जोक माझी, शिवा हांसदा, किशन सोरेन, राजाराम मुर्मू, खेला राम सोरेन, चुन्नु हेंब्रम, रोविन तियू, विक्की कंडिर, सुमित पूर्ति, दिकु विरुवा, दिलीप हांसदा, बजाई बिरुवा, सुमित सिजुई, बुधु सोय, तुरम सुंडी, मारकंडे लुगुन, दशरथ तिरिया और चक्रधर जमुदा आदि उपस्थित थे।