JAMSHEDPUR: मानगो थाना क्षेत्र पोस्ट ऑफिस रोड कृष्णा नगर में रविवार तड़के अपराधियों ने मानगो विकास समिति के अध्यक्ष ओंकारनाथ सिंह के आवास पर पथराव एवं तोड़फोड़ की। वहीं पास ही कांग्रेस पार्टी के कार्यालय में भी तोड़फोड़ कर दी। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता के पोस्टर और बैनर फाड़ दिया। वैसे पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी में कैद हो गया है। सीसीटीवी फुटेज में अपराधी साफ नजर आ रहे हैं। घटना के बाद से पुलिस रेस है। घटना में सत्यवान गौड़, उसके भाई श्रवण गौड़ और परिवार के सदस्यों की संलिप्तता सामने आ रही है जो पूर्व में भी ओंकारनाथ सिंह के घर पर पथराव मामले में जेल जा चुके हैं।

की जा रही है रेकी

समिति के अध्यक्ष ने बताया कि उनका एवं उनके परिवार के सदस्यों की रेकी की जा रही है। वे मानगो शांति समिति के सदस्य भी है। शांति समिति की बैठक में वे इलाके में चल रहे अवैध कारोबारियों के खिलाफ आवाज उठाते हैं तो अपराधी उनके घर पर हमला कर उन्हें डराने का प्रयास करते हैं। इससे पहले भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं। ओंकार सिंह की पत्नी किरण सिंह ने आरोपितों के खिलाफ मानगो थाना में लिखित शिकायत दी। पुलिस को बताया घटना रविवार तड़के 3.30 बजे उनके पति और बच्चों की जान मारने की नीयत से हरवे-हथियार से लैंस आरोपितों ने घर में घुसकर हमला किया। पथराव किया। बरामदा में रखे सामानों को क्षतिग्रस्त कर दिया। गाली-गलौज और जान मारने की धमकी देते हुए भाग निकले।

घर पर चौथी बार हमला

उनके घर पर चौथी बार हमला हुआ है। अगर पुलिस हमलावरों पर कार्रवाई नहीं की तो पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों से इच्छा-मृत्यु मांगेगी। उधर, कांग्रेस कार्यालय में तोड़फोड़ मामले में मानगो प्रखंड अध्यक्ष ईश्वर सिंह ने जिला प्रशासन को 12 घंटे के भीतर अपराधियों को गिरफ्तार करने का अल्टीमेटम देते हुए साफ कर दिया है कि अगर घटना में शामिल दोषी गिरफ्तार नहीं किए तो आंदोलन किया जाएगा। रविवार देर शाम पार्टी कार्यकर्ताओं ने मानगो थाना प्रभारी विनय कुमार से मुलाकात की। तोड़फोड़ करने वालों की गिरफ्तारी की मांग की। फिलहाल पुलिस आरोपितों की धरपकड़ में जुट गई है। सत्यवान के भाई को हिरासत में लिया है। वहीं कांग्रेस कार्यालय में तोड़फोड़ बस्ती के स्थानीय युवक और पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच छठ के दौरान कुछ विवाद होना सामने आया है।