जमशेदपुर (ब्यूरो): रेड क्रॉस सोसाइटी की पूर्वी सिंहभूम जिला इकाई द्वारा मानव सेवा की दिशा में किए जाने वाले कार्यों के मद्देनजर रेड क्रॉस के मानद सचिव बिजय कुमार सिंह को सम्मानित किया गया। नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में आयोजित इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के एजीएम एवं सम्मान समारोह के दौरान केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री सह रेड क्रॉस के चेयरमैन डॉ। मनसुख मांडविया, झारखंड के राज्यपाल सह रेड क्रॉस राज्य शाखा के अध्यक्ष सीपी राधाकृष्णन एवं बिहार के राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ अर्लेकर ने बिजय कुमार को वर्ष 2021-22 के लिए अवार्ड ऑफ मेरिट सम्मान से सम्मानित किया।

13 राज्यों के राज्यपाल

कार्यक्रम के दौरान 13 राज्यों के राज्यपाल उपस्थित थे। राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने रेड क्रॉस पूर्वी सिंहभूम के मानवसेवी कार्यों की सराहना की तथा बिजय कुमार सिंह को इसका प्रेरक बताया। उन्होंने राज्य में प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के लिए नोडल पदाधिकारी के रूप में बिजय कुमार सिंह तथा उनके संयोजन में झारखंड की पहली नोडल एजेंसी के रूप में कार्यरत रेड क्रॉस सोसाइटी माध्यम से राज्य भर के रेड क्रॉस इकाइयों में चलने वाले इस अभियान के कार्यान्वयन तथा उसकी पारदर्शिता की सराहना की और रेड क्रॉस के माध्यम से इसे और विस्तार देकर अधिक से अधिक जरूरतमंदों को इस योजना का लाभ दिलाने को कहा।

हर संवेदनशील व्यक्ति का सम्मान

सम्मान समारोह के बाद बिजय कुमार सिंह ने कहा कि यह पूर्वी सिंहभूम जिला ही नहीं झारखंड के हर संवेदनशील व्यक्ति का सम्मान है, जिन्होंने पीडि़त मानवता की सेवा के कार्यों में रेड क्रॉस को किसी भी प्रकार से सहयोग प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि सम्मान उत्तरदायित्व का बोध कराते हैं, राज्य की सभी शाखाएं अब एक साथ पीडि़त मानवता की सेवा के कार्यों को करेगी। मौके पर श्री सिंह के साथ रेड क्रॉस सोसाइटी पूर्वी सिंहभूम के कोषाध्यक्ष आशुतोष पारीक, देवघर रेड क्रॉस सोसाइटी की तीन सदस्यीय टीम उपस्थित थी।