जमशेदपुर (ब्यूरो) । भाजपा जमशेदपुर महानगर द्वारा आजादी के 75वीं वर्षगांठ पर विशाल तिरंगा यात्रा की सफलता व भव्यता को लेकर जोर-शोर से तैयारी की जा रही है। आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में आगामी 7 अगस्त को भाजपा जमशेदपुर महानगर के तत्वावधान में आयोजित होने वाले विशाल तिरंगा यात्रा के मद्देनजर शुक्रवार को भाजपा महानगर अध्यक्ष गुंजन यादव ने जिला पदाधिकारी व गोलमुरी मंडल के कार्यकर्ताओं के साथ गोलमुरी पोस्ट ऑफिस से राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे की खरीदारी की। इस दौरान नोडल पदाधिकारी दिवाकर कुमार दीपक ने जिलाध्यक्ष गुंजन यादव को तिरंगा झंडा सुपुर्द किया।
तिरंगा लेकर जश्न मनाएंगे कार्यकर्ता
गुंजन यादव ने बताया कि 7 अगस्त को साकची आम बागान मैदान से तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। सुबह 9 बजे कार्यकर्ता एकत्रित होंगे, जहां से गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़े व देशभक्ति संगीत के साथ कार्यकर्ता हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लिए पैदल मार्च कर आजादी के अमृत महोत्सव का जश्न मनाएंगे। उन्होंने कहा कि इस अभियान के जरिए हम अपनी युवा पीढ़ी में तिरंगे के प्रति सम्मान और लगाव को और अधिक बढ़ा पाएंगे। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ आम नागरिकों से भारी संख्या में शामिल होने का आह्वान किया है। इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष बबुआ सिंह, संजीव सिन्हा, जिला महामंत्री राकेश सिंह, मंत्री पप्पू सिंह, मंजीत सिंह, जिला कोषाध्यक्ष राजीव सिंह, मीडिया प्रभारी प्रेम झा, भाजयुमो जिला महामंत्री अभिमन्यु सिंह चौहान, भाजपा गोलमुरी मंडल उपाध्यक्ष सतीश शर्मा, श्रीनू राव, कामेश्वर साहू, भाजयुमो गोलमुरी मंडल अध्यक्ष नवजोत सिंह सोहल, गणेश मुंडा व अन्य उपस्थित थे।