जमशेदपुर : विश्व रक्तदाता दिवस के मौके पर सोमवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य के छह जिलों में एक साथ ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट का ऑनलाइन उद्घाटन किया। इसमें पूर्वी सिंहभूम जिला भी शामिल है। इसके साथ ही, स्वैच्छिक रक्तदान कैलेंडर, झारखंड राज्य एड्स कंट्रोल सोसाइटी के यूट्यूब चैनल एवं जेएसएसीएस की नई सेवा डिजिटल डोनर सर्टिफिकेट का भी शुभारंभ किया गया। इस मौके मुख्यमंत्री के साथ स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता भी उपस्थित थे। पूर्वी सिंहभूम जिले के परसुडीह स्थित सदर अस्पताल परिसर में संचालित ब्लड बैंक में ब्लड कंपोनेंट यूनिट शुरू होगी। इस मौके पर विधायक मंगल का¨लदी, विधायक समीर महंती, विधायक रामदास सोरेन, विधायक संजीव सरदार, डीसी सूरज कुमार, सिविल सर्जन डॉ। एके लाल, जिला परिसद उपाध्यक्ष राजकुमार सिंह, जिला परिसद सदस्य किशोर यादव, अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ। साहिर पाल सहित अन्य उपस्थित थे। डीसी सूरज कुमार ने कहा कि जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है।

ब्लड में तीन तरह के कंपोनेंट होते हैं : सिविल सर्जन

सिविल सर्जन डॉ। एके लाल ने बताया कि ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन मशीन के माध्यम से एक यूनिट रक्त से तीन मरीजों की जान बचाई जा सकेगी। उन्होंने कहा कि ब्लड में तीन तरह के कंपोनेंट होते हैं। इनमें रेड ब्लड सेल (आरबीसी), प्लाज्मा व प्लेटलेट्स शामिल हैं। सेपरेशन मशीन में ब्लड को घुमाया जाता है। इससे ब्लड परत दर परत (लेयर बाई लेयर) अलग हो जाता है। आरबीसी, प्लाज्मा और प्लेटलेट्स अलग-अलग हो जाते हैं।

स्वास्थ्य मंत्री ने लांच किया निष्ठा एप

स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने ऑनलाइन निष्ठा एप लांच किया। इसके माध्यम से पूर्वी सिंहभूम, रांची, बोकारो व धनबाद जिले को लाभ मिलेगा। इन जिलों में कोरोना मरीजों की संख्या अधिक है। इसे देखते हुए पहले इन जिलों में शुरू किया गया है। इसके माध्यम से कोविड से उबर चुके लोग जिन्हें स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं है, उनको यह ट्रैक करेगा और उनको फ्री परामर्श देगा।

सदर डायलिसिस यूनिट जल्द

सदर अस्पताल में जल्द ही डायलिसिस यूनिट की शुभारंभ होगी। डायलिसिस यूनिट के लिए विधायक मंगल का¨लदी व विधायक समीर महंती ने अपने विधायक फंड से एक-एक डायलिसिस मशीन देने की घोषणा की। वहीं, पोटका विधायक संजीव सरदार पहले ही अपने विधायक फंड से एक डायलिसिस मशीन देने की घोषणा कर चुके हैं।