जमशेदपुर (ब्यूरो): टाटा मोटर्स में कर्मचारियों के लिए सोमवार को बोनस समझौता हो गया। टाटा मोटर्स प्रबंधन एवं टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के बीच सोमवार को बोनस समझौता पर हस्ताक्षर हुआ। इस समझौता के तहत पहली बार 355 बाई सिक्स कर्मचारियों के स्थायीकरण पर सहमति बनी। इसके साथ ही कर्मचारियों के लिए 10.1 प्रतिशत बोनस पर समझौता हुआ। समझौते के तहत कर्मचारियों को इस वर्ष अधिकतम 57,900 रुपये व औसतन 43,485 रुपये मिलेंगे। टाटा मोटर्स प्रबंधन बोनस का पैसा 10 अक्टूबर तक सभी के बैंक खाते में भेज देगी। इसमें कंपनी के 5600 स्थायी कर्मचारी लाभान्वित होंगे। इसके अलावा लगभग 3000 बाइ-सिक्स कर्मचारियों को 8.33 प्रतिशत (औसतन 25 हजार रुपये) बोनस मिलेगा।

स्थायीकरण पर ज्यादा जोर

गौरतलब है कि टाटा मोटर्स कंपनी में यूनियन द्वारा हर बार स्थायीकरण पर ज्यादा जोर दिया जाता है, ताकि ज्यादा से ज्यादा अस्थायीकर्मियों का जल्द से जल्द स्थायीकरण किया जा सके। इस बार भी यूनियन ने स्थायीकरण पर ही ज्यादा जोर दिया था। विगत वर्ष जहां, 201 कर्मचारी स्थाई हुए थे, वहीं इस बार सर्वाधिक 355 कर्मचारियों का स्थायीकरण हुआ। स्थायी होने वालों में टाटा मोटर्स अस्पताल की पांच नर्स भी शामिल हैं।

जोरदार स्वागत किया

इस समझौते के बाद तमाम कर्मचारियों ने यूनियन अध्यक्ष गुरमीत सिंह एवं महामंत्री आरके सिंह का जोरदार स्वागत किया। दोनों पदाधिकारियों को फूल मालाओं से लाद दिया गया.इसके साथ ही कंपनी गेट से लेकर यूनियन कार्यालय तक एक रैली भी निकाली गई। इसमें काफी संख्या में टाटा मोटर्स के कर्मचारी शामिल हुए। इस दौरान कर्मचारियों ने आतिशबाजी कर अपनी खुशी का इजहार किया। इस दौरान लड्डू का भी वितरण किया गया। साथ ही साथ एक-दूसरे को मिठाइयां भी खिलाई गईं।