जमशेदपुर (ब्यूरो): परिजनों का आरोप है कि गलत इलाज के कारण बच्चे का हाथ टेढ़ा हो गया है। इस मामले में आज भाजपा नेता विकास सिंह ने बच्चे और उसके परिजनों के साथ साकची थाना पहुंचे संबंधित डॉक्टर के खिलाफ मामला दर्ज कराया। आरोप है कि एक निजी चिकित्सक डॉ एम आलम ने बच्चे का हाथ टूटने के बाद गलत तरीके से प्लास्टर किया, जिस कारण बच्चे की ऐसी स्थिति हुई है। मामले में बच्चे के पिता ने भाजपा नेता विकास सिंह से संपर्क किया और इसके बाद डॉक्टर के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।

क्या है मामला
मानगो समता नगर निवासी संतोष ठाकुर का 11 वर्षीय पुत्र रोहित कुमार का इसी साल अगस्त माह में गिरने के कारण हाथ टूट गया था। बच्चे के पिता बेटे को लेकर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचे। वहां एक दलाल ने कहा कि हड्डी के डॉक्टर तीन दिनों तक छुट्टी पर हैं। बताया कि बगल में डॉ आलम का क्लीनिक है, वहां इलाज करा लीजिए। बच्चा दर्द से कराह रहा था। यह देख बच्चे के पिता निजी चिकित्सक डॉ एम आलम के पास पहुंचे। यहां डॉ एम आलम ने 4000 रुपए जमा करवाने के बाद रोहित के टूटे हाथ का प्लास्टर कर दिया। करीब 10 दिनों बाद भी जब दर्द से निजात नहीं मिली तो दोबारा संतोष अपने बेटे को लेकर डॉक्टर एम आलम के पास गए। वहां डॉ। आलम ने प्लास्टर गलत होने की बात स्वीकार करते हुए दुबारा प्लास्टर करने को कहा। इसके बाद जब प्लास्टर काटा तो हाथ टेढ़ा हो चुका था। इसके बाद उसने दोबारा प्लास्टर कर दिया।

डॉक्टर के खिलाफ थाने में शिकायत
इस घटना के बाद संतोष न्याय के लिए काफी भटके लेकिन, कहीं से कोई फायदा नहीं हुआ। इसके बाद उन्होंने भाजपा नेता विकास सिंह से मदद की गुहार लगायी। विकास सिंह ने मामले की गंभीरता को देख डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही। इस मामले में बुधवार को साकची थाना में डॉ। आलम के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई। श्री सिंह ने कहा कि पूरे मामले की जानकारी झारखंड सरकार के स्वास्थ्य सचिव को भी दी जाएगी। मौके पर विकास सिंह, अमरिंदर पासवान, संजय शर्मा, अजय लोहार, मोहम्मद करीम, राम सिंह कुशवाहा, दुर्गा दत्ता, मनोज ओझा, सुशील शर्मा समेत अन्य मौजूद थे।