जमशेदपुर (ब्यूरो): अबुआ आवास योजना के लाभुकों के बीच प्रमंडल स्तरीय स्वीकृति पत्र वितरण समारोह का आयोजन 9 फरवरी को जमशेदपुर के गोपाल मैदान में होने जा रहा है। समारोह में झारखंड के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसे लेकर तैयारी जोरों पर है।

किया स्थल का निरीक्षण

गुरुवार को उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कियी। उन्होंने कार्यों का निरीक्षण करने के बाद आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। 9 फरवरी को होने वाले प्रमंडल स्तरीय कार्यक्रम में पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिला के लाभुक शामिल होंगे।

कोल्हान के 90 हजार लाभुक

उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने बताया कि पूर्वी सिंहभूम जिले से 1 लाख 30 हजार आवेदन प्राप्त हुए थे, जिसे सत्यापित करने के बाद 90000 लाभुकों का चयन हुआ है। प्रथम चरण में पूर्वी सिंह जिले से 8138, पश्चिम सिंहभूम से 10252 तथा सरायकेला खरसावां के 6437 लाभुकों को अबुआ आवास योजना आवंटित करते हुए प्रथम किश्त जारी की जाएगी।

पहली किस्त में 30 हजार

प्रथम किस्त में तीस हजार रुपए, दूसरे किस्त में पचास हजार रूपए, तीसरे किस्त में एक लाख रुपए तथा चौथे और अंतिम किस्त के रूप में 20 हजार रुपए प्रदान किए जाएंगे।

नो एंट्री का भी बदलेगा समय

निरीक्षण के क्रम में एसएसपी किशोर कौशल ने बताया कि विभिन्न क्षेत्रों से लाभुकों को लेकर आने वाले वाहनों की पार्किंग चिन्हित की गई है, ताकि शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में किसी प्रकार का व्यवधान न हो। वहीं कार्यक्रम को लेकर नो एंट्री में भी परिवर्तन किया गया है। कार्यक्रम के दिन सुबह 6 बजे से रात्रि 10 बजे तक भारी वाहनों के परिचालन पर रोक रहेगी। साथ ही अतिरिक्त पुलिस बल की भी तैनाती रहेगी, ताकि कार्यक्रम शांति पूर्ण सम्पन्न हो सके।