JAMSHEDPUR: ईस्ट सिंहभूम में शनिवार को एक हजार 911 लोगों की कोरोना जांच हुई। इसमें 35 कोरोना पॉजिटिव मिले। कदमा में कोरोना विस्फोटक हो चुका है। सबसे अधिक 12 मरीज मिले। इसके साथ ही, सोनारी में सात, मानगो में तीन, गोलमुरी में दो, साकची में दो, टेल्को में एक मरीज मिले। वहीं, एक हजार 555 लोगों का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया। रिपोर्ट बुधवार तक आने की संभावना है। पूर्वी सिंहभूम जिले में अभी तक 18 हजार 661 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इसमें 18 हजार 64 लोग स्वस्थ हो चुके हैं।

आठ हजार से अधिक लोगों ने ली कोरोना वैक्सीन की पहली डोज

पूर्वी सिंहभूम जिले में शनिवार को कुल आठ हजार 328 लोगों ने कोरोना वैक्सीन की पहली डोज ली। सबसे अधिक बाहरागोड़ा प्रखंड में कुल एक हजार 440 लोगों ने वैक्सीन ली। वहीं, 349 लोगों ने कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज ली। जिले में अभी तक कुल 78 हजार 679 लोगों ने वैक्सीन ली है।

कोरोना से बचना जरूरी

इधर, होली के बाद कोरोना मरीजों की संख्या घटेगी या बढ़ेगी, इसे लेकर सभी ¨चतित है। कोई होली नहीं खेलने की हिदायत दे रहा है तो कोई सावधानी बरतने का। जिला सर्विलांस पदाधिकारी डॉ। साहिर पाल ने कहा कि होली खेले लेकिन हम सभी को कोरोना से भी बचना है। ऐसे में शारीरिक दूरी, मास्क व सैनिटाइजर सभी के लिए जरूरी है। कोरोना को लेकर सभी को जागरूक होने की जरूरत है। थोड़ा सा भी लापरवाही महंगा पड़ सकता है।

पश्चिमी सिंहभूम में मिले 5 नये केस

पश्चिमी सिंहभूम जिले में कोरोना वायरस के नये केस लगातार बढ़ रहे हैं। शनिवार को 1106 लोगों का सैंपल जांच के लिए लिया गया। इनमें 5 नये कोरोना संक्रमित पाये गये हैं। 03 चक्रधरपुर, 01 बड़ाजामदा और 01 चाईबासा का व्यक्ति है। वहीं, 2 लोग स्वस्थ भी हुए हैं। वर्तमान में जिले में कुल 29 सक्रिय केस हो चुके हैं। अब तक जिले में कुल 4878 लोग कोरोना संक्रमित हुए हैं। इनमें से 4810 लोग ठीक हो चुके हैं। 39 लोगों की जान अब तक जा चुकी है।