जमशेदपुर (ब्यूरो): भुवनेश्वर स्थित किट विश्वविद्यालय के तत्वावधान में चल रहे पूर्वी क्षेत्र इंटर विश्वविद्यालय क्रिकेट प्रतियोगिता के प्री क्वार्टर फाइनल मुकाबले में कोल्हान विश्वविद्यालय ने रांची विश्वविद्यालय को 37 रनों से पराजित कर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। इससे पहले टॉस जीतकर रांची विश्वविद्यालय ने क्षेत्र रक्षण करने का निर्णय लिया। कोल्हान की तरफ से बल्लेबाजी करने उतरे कुमार करण और अमरदीप सिंह ने अच्छे हाथ दिखाए, लेकिन 25 के स्कोर पर वह प्रेम कुमार द्वारा लपके गए। इसके बाद कुमार करण और कुमार कुशाग्रह ने 74 रनों की साझेदारी कर कोल्हन विश्वविद्यालय की टीम को एक मजबूत स्थिति में पहुंचाने का काम किया। 27 के निजी स्कोर पर कुमार कुशाग्रह अपना विकेट गंवा बैठे। इसके बाद भानु आनंद और कुमार करण ने टीम का स्कोर 150 के करीब पहुंचाया। इसी बीच कुमार करण ने अपना शतक पूरा किया, जिसमें कुमार करण ने 66 गेंदों पर 15 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 106 रनों की शानदार पारी खेली। रवि शर्मा ने अंतिम के ओवरों में 10 गेंदों में 22 रन बनाकर टीम का स्कोर 200 के पार पहुंचाया।

गिरते रहे विकेट

इसके बाद 206 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रांची विश्वविद्यालय की टीम पहले ही गेंद पर अपने सबसे अनुभवी बल्लेबाज राम रोशन का विकेट गंवा बैठी जो जुनैद के ओवर की पहली गेंद पर विकेट के पीछे भानु आनंद के हाथों लपके गए। इसी के साथ कोल्हान विश्वविद्यालय ने मैच में अपना दबाव बनाना जारी रखा। समय अंतराल पर विकेट गिरते रहे और आखिरकार रांची विश्वविद्यालय सीमित 25 ओवर में 7 विकेट खोकर मात्र 168 रन ही बना सकी। कोल्हान की तरफ से मनीषी सबसे सफल गेंदबाज साबित हुए, जिन्होंने 5 ओवर में 21 रन खर्च कर 3 बल्लेबाजों को चलता किया। वहीं रवि कुमार ने 5 ओवर में 26 रन खर्च कर 2 बल्लेबाजों को चलता किया। रांची की तरफ से अमरजोत ने नाबाद 48 रनों की तो वहीं नगेंद्र ने 45 रनों की पारी खेली।

जीत को कायम रखा

इस जीत के साथ 2016 से चले आ रहे अपने विजय रथ को कोल्हन विश्वविद्यालय ने कायम रखा। कोल्हन विश्वविद्यालय 2016 से अभी तक झारखंड के किसी भी विश्वविद्यालय से किसी भी प्रतियोगिता में पराजित नहीं हुआ है। इससे पहले भी कई बार कोल्हान विश्वविद्यालय सेमीफाइनल और क्वार्टर फाइनल का सफर तय कर चुका है। कोल्हान के क्वार्टर फाइनल में पहुंचने पर कुलपति गंगाधर पांडा, प्रति कुलपति कामिनी कुमार और कुलसचिव जयंत शेखर सहित छात्र कल्याण संकाय अध्यक्ष एससी दास और विश्वविद्यालय खेल पदाधिकारी मन्मथ नारायण सिंह और अमरीश दास ने टीम को शुभकामनाएं दी हैं। कुलपति एवं कुलसचिव ने भरोसा जताया है कि टीम इस बार खिताब जीतकर कोल्हान विश्वविद्यालय का नाम ऊंचा करेगी। वहीं खेल अधिकारी ने टीम को संतुलित बताते हुए आगे के प्रतियोगिताओं अच्छा प्रदर्शन करने की बात कही है। इस मैच में निहाल सिंह, जुनेद अशरफ और मनीषी को संयुक्त रुप से मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। टीम के मैनेजर एनएन सिंह और कोच एके सिंह ने टीम के प्रति भरोसा जताते हुए आगे अच्छा प्रदर्शन करने की बात कही है।