जमशेदपुर : सोनारी थाना की पुलिस ने तड़ीपार अपराधी संतोष साव को गिरफ्तार किया है। आरोपित सोनारी ग्वाला बस्ती का निवासी है। सोनारी थाना प्रभारी रेणु गुप्ता ने बताया आरोपित को तड़ीपार का आदेश था। बावजूद उसके इलाके में घूमने की सूचना पुलिस को मिल रही थी। उसे गिरफ्तार किया गया। वह अपराध को अंजाम देने को घूम रहा था। उसके खिलाफ लूट, छिनतई, धमकी, रंगदारी समेत छह आपराधिक मामले दर्ज है। आरोपित के खिलाफ सोनारी थाना में तड़ीपार आदेश के उल्लंघन किए जाने की प्राथमिकी डीएसपी कमल किशोर की शिकायत पर दर्ज की गई है। गौरतलब है इससे पहले सोनारी थाना की पुलिस ने सोनारी ग्वाला बस्ती के सुमित सिंह को गिरफ्तार किया था। वह भी तड़ीपार अपराधी था।

धोखाधड़ी का आरोपित धराया

सोनारी थाना की पुलिस ने धोखाधड़ी मामले के आरोपित प्रदीप कुमार मिश्रा को गिरफ्तार किया है। वह कदमा थाना क्षेत्र रामनगर का निवासी है। उसके खिलाफ नौ सितंबर 2015 को सोनारी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

25 पुडि़या ब्राउन शुगर के साथ एक अरेस्ट

कपाली पुलिस अवैध नशे के कारोबार में लिप्त कारोबारियों के खिलाफ अभियान चलाया है। इसी क्रम में पुलिस ने कपाली केंदडीह के पास से 25 पुडि़या ब्राउन शुगर के साथ कपाली टीओपी चौक के पास रहने बाले हैदर उर्फ सफदर उर्फ सोनू को गिरफ्तार किया है। जिसे आज न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। चांडिल एसडीपीओ कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन के दौरान चांडिल डीएसपी संजय कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी केंदडीह स्कूल मैदान के पीछे कुछ लोग बैठ कर ब्राउन शुगर की बिक्री कर रहे हैं। जिस पर थाना प्रभारी बिनोद कुमार सिंह दल बल के साथ वहां पहुंचकर भागते हालत में हैदर को पकड़ा। उन्होंने कहा कि इसी क्रम में उनके तलाशी लेने पर उनके पास से 25 पुडि़या ब्राउन शुगर बरामद किया गया। उन्होंने बताया हैदर किसी दूसरे जगह से ब्राउन शुगर लाकर कपाली क्षेत्र में घूम-घूम कर एक सौ रुपया प्रति पुडि़या की दर से इसकी बिक्री करता था। उन्होंने कहा हैदर पहले मुंबई में रहता था छ: माह पूर्व कपाली आया था। उन्होंने कहा मुंबई में हैदर को ब्राउन शुगर की खरीद बिक्री और पीने का लत लगी। इसके बाद कपाली व आस पास क्षेत्र में ब्राउन शुगर की बिक्री करता था, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।