JAMSHEDPUR : सीतारामडेरा थाना क्षेत्र भालूबासा लाइन नंबर पांच भोलानाथ भवन के पांचवे तल्ले के निवासी शर्मा पैकर्स एंड मूवर्स के मालिक अशोक शर्मा की में सोमवार दोपहर एक बजे दो बदमाश माउजर, 10 ¨जदा बम व चाकू के साथ घर में घुस गए। शर्मा की पत्नी, बेटी और बहू को बंधक बना लिया। सभी को रस्सी से बांध दिया। चाकू का भय दिखाकर डेढ़ वर्षीय पोती को कब्जे में कर लिया। उसकी गर्दन पर चाकू रखकर स्वजनों को आभूषण और नकद देने को कहा। एक बदमाश इनकी निगरानी करता रहा। दूसरा दरवाजे के बाहर खड़े होकर आने-जाने वाले पर ध्यान रखता रहा। इस बीच घर की नौकरानी अपनी बेटी के साथ पहुंच गई। अपराधियों ने दरवाजा खोलकर देखने का प्रयास किया। बाहर से अंदर का नजारा देकर नौकरानी और उसकी बेटी शोर करते हुए नीचे उतर गई। उसके पीछे-पीछे एक अपराधी दोनों को पकड़ने को दौड़ा। उसके हाथ में बैग था। पकड़े नहीं जाने पर वह घर के बगल वाली गली से होते हुए भाग निकला। उसने बैग फेंक दिया था।

बदमाश को जमकर पीटा

घटनास्थल से कुछ कदम पर श्राद्ध कार्यक्रम में लोगों की भीड़ एकत्र थी। हल्ला सुनकर पड़ोसी परशुराम सिंह बागी समेत कई लोग अशोक शर्मा की घर की ओर दौड़े। एक बुजुर्ग अंदर घुसे तो उसे घुसने दिया। इसके बाद भीड़ ने बंधक बनाकर रखने वाले एक बदमाश को दबोच लिया। जमकर उसकी पिटाई कर दी। उसे सीतारामडेरा थाना पुलिस को सौंप दिया गया। पूछताछ में पकड़ गए बदमाश ने अपना नाम सोनू कुमार और भागने वाला उसके भाई मोनू कुमार बिहार के जहानाबाद के अरवल के करपी थाना क्षेत्र निवासी है। मोनू रांची में भी रहता है। गौरतलब है कि अशोक शर्मा के घर सोनू कुमार पांच साल तक ड्राइवर था। लॉकडाउन से पहले उसे अशोक शर्मा ने उसे हटा दिया था। उसे अशोक शर्मा के घर की पूरी जानकारी रहती थी कब कौन घर पर रहता है। उसने पुलिस के सामने अपराध भी स्वीकार किया। परिचित रहने के कारण घर में घुसने में सोनू को परेशानी नहीं हुई।

आए थे अपहरण करने

अशोक शर्मा ने बताया कि दोनों बदमाश उसकी पोती का अपहरण करने आए थे, ताकि फिरौती के रूप में बड़ी रकम की मांग कर सकें। संयोगवश लोगों की सक्रियता के कारण बदमाश अपने मंसूबे में सफल नहीं हो पाएं। भागने वाले बदमाश ने जो बैग फेंका था, उसमें रस्सी, कपड़े और दूसरे सामान थे। पकड़े गए बदमाश के पास से बरामद बैग में 10 ¨जदा बम, रस्सी, तार और चाकू थे। इनमें एक केन बम जैसा दिख रहा था। भागने वाले मोनू कुमार उर्फ राजू कुमार के पास अत्याधुनिक हथियार माउजर था। उसकी तस्वीर सीसीटीवी में कैद हो गई है। ऐसी संभावना जताई जा रही है कि बदमाशों की संख्या चार रही होगी। दो घटना को अंजाम देने गए और बाकी दो आस-पास ही कहीं खड़े होकर रेकी कर रहे थे जिनके साथ रांची का बदमाश हल्ला होने पर भाग निकला। गोलमुरी हावड़ा ब्रिज के पास शर्मा पैकर्स एंड मूवर्स का कार्यालय है। फिलहाल मामले की जांच सीतारामडेरा थाना की पुलिस कर रही है।