छ्वन्रूस्॥श्वष्ठक्कक्त्र : झारखंड राज्य आवास बोर्ड जमशेदपुर के हुरलुंग में स्मार्ट कॉलोनी बनाने जा रहा है। कॉलोनी परिसर में फ्लैट के अलावा मॉल, पार्क, पार्किंग समेत अन्य सुविधाएं होंगी। इस कॉलोनी के निर्माण के लिए अंचल अधिकारी महेश्वर महतो ने यहां पांच एकड़ क्षेत्रफल का भूखंड चिह्नित किया है। जमीन चिह्नित करने के बाद झारखंड आवास बोर्ड को पत्र भेज दिया गया है।

सीएम ने किया था एलान

मुख्यमंत्री रघुवर दास ने जमशेदपुर समेत पांच शहरों में स्मार्ट कॉलोनी बनाने का एलान किया था। इसके बाद झारखंड राज्य आवास बोर्ड ने जमशेदपुर में स्मार्ट कॉलोनी बनाने के लिए जिला प्रशासन से 10 एकड़ जमीन की मांग की। अपर उपायुक्त सुनील कुमार ने सीओ महेश्वर महतो को जमीन की तलाश करने को कहा। इसी कड़ी में अब हुरलुंग में जमीन चिह्नित की गई है।

कॉलोनी में बनेंगे तीन किस्म के मकान

झारखंड आवास बोर्ड की कॉलोनी में तीन तरह के मकान बनेंगे। इनमें उच्च आय वर्ग, निम्न आय वर्ग और कमजोर वर्ग के लिए मकान बनाए जाएंगे। मकान बनने के बाद आवेदकों से आवेदन मांगे जाएंगे। इसके बाद मकान आवंटित करने का काम होगा।

15 को भूखंड का मुआयना करेगा बोर्ड

झारखंड राज्य आवास बोर्ड के कार्यपालक अभियंता के आदेश पर अधिकारियों का एक दल 15 नवंबर को हुरलुंग आकर जमीन देखेगा। जमीन पसंद आने के बाद इसके हस्तांतरण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।