जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के लिए राहत की खबर है। रविवार को कोरोना से एक भी मरीज की मौत नहीं हुई। बीते दो दिन दो युवा की मौत कोरोना से हुई है, जिससे स्वास्थ्य विभाग भी ¨चतित है। इधर, रविवार को जिले में कुल एक हजार 798 लोगों की जांच हुई। इसमें आठ पॉजिटिव मिले। सबसे अधिक बागबेड़ा में चार, साकची में दो व सिदगोड़ा, कदमा में एक-एक मरीज मिले। जिले में मरीजों की संख्या बढ़कर 51 हजार 506 हो गई है। वहीं, कोरोना से अबतक 1050 मरीजों की मौत हो चुकी है।

1851 लोगों का लिया सैंपल

पूर्वी सिंहभूम जिले के विभिन्न प्रखंडों से रविवार को एक हजार 851 लोगों का नमूना लेकर जांच के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेजा गया। जिले में अभी तक कुल दस लाख 74 हजार 447 लोगों का नमूना लिया जा चुका है। इसमें दस लाख 67 हजार 439 लोगों की जांच हो चुकी है।

22 लोग स्वस्थ होकर लौटे घर

शहर के विभिन्न कोविड अस्पतालों में भर्ती कुल 22 लोग रविवार को स्वस्थ होकर घर लौटे। जिले में अभी तक कुल 50 हजार 336 लोग स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं। जिले का रिकवरी रेट 97.74 फीसद है।

9595 लोगों ने पहली डोज ली

पूर्वी सिंहभूम जिले में रविवार को नौ हजार 595 लोगों ने वैक्सीन की पहली डोज ली। वहीं, दो हजार 229 लोगों ने दूसरी डोज ली। जिले में अभी तक कुल पांच लाख 19 हजार 232 लोगों ने पहली डोज ली है। वहीं, एक लाख 14 हजार 993 लोगों ने दूसरी डोज ली है।

किस क्षेत्र में कितने मिले पॉजिटिव

क्षेत्र : पॉजिटिव

साकची : 02

सिदगोड़ा : 01

कदमा : 01

बहरागोड़ा : 04

132 यात्रियों की हुई जांच

टाटानगर रेलवे स्टेशन पर रविवार को दो पालियों में 132 यात्रियों की कोविड जांच हुई लेकिन एक भी यात्री कोविड पॉजिटिव नहीं मिला। रविवार सुबह स्वास्थ्य विभाग व सिविल डिफेंस की टीम ने मुंबई से गीतांजलि एक्सप्रेस व अहमदाबाद हावड़ा स्पेशल से टाटानगर पहुंचे 73 यात्रियों की जांच की गई। वहीं, शाम में नई दिल्ली से पुरुषोत्तम एक्सप्रेस से आए 57 यात्रियों का रैपिड एंटीजन टेस्ट कराया गया, लेकिन राहत की बात रही कि आठवें दिन भी एक भी यात्री कोविड संक्रमण से पॉजिटिव नहीं मिला।