जमशेदपुर (ब्यूरो): मानगो थाना अंतर्गत दाईगुट्टू कृष्णा रोड में विगत 12 फरवरी की शाम अपराधकर्मियों द्वारा फायरिंग एवं मारपीट कर दो लोगों को घायल करने के मामले में पुलिस ने 5 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि 4 अन्य आरोपी अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। उनकी गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। इस मामले में मुख्य अभियुक्त सहित नौ लोगों के खिलाफ प्राथमिक दर्ज की गई है।

एसएसपी ने बताया

मामले में पत्रकारों से बात करते हुए एसएसपी किशोर कौशल ने बताया कि घटना क्षेत्र के रहने वाले शंकर सिंह और अनिल साव के बच्चों के बीच हुए झगड़े का परिणाम है। उन्होंने कहा कि मामले को लेकर कुछ दिन पूर्व जेल से छूट कर आए अपराधकर्मी विकास तिवारी भी अपना वर्चस्व दिखाने के लिए विवाद में शामिल हो गया। इसी बीच उसने पहले फायरिंग की फिर हॉकी स्टीक से हमला कर दोनों को घायल कर दिया।

गिरफ्तारी का हो रहा प्रयास

इस घटना में पुलिस ने मुख्य अभियुक्त विकास तिवारी के साथ नौ लोगों पर मारपीट में शामिल होने का मामला दर्ज किया है, जिसमें से चार अब भी फरार हैं। गिरफ्तार लोगों में विकास तिवारी और उसका भाई प्रिंस सिंह, संजय अहमद उर्फ आरजू, सागर प्रसाद और अंकित कुमार ठाकुर उर्फ गोलू शामिल हैं। एसएसपी ने बताया कि विकास तिवारी पूर्व में भी हत्या सहित कई अपराधिक कांडों में जेल जा चुका है। इधर गिरफ्तार अभियुक्तों को आवश्यक पूछताछ के बाद जेल भेज दिया है। पुलिस फरार अन्य चार अभियुक्तों को गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है।