ADITYAPUR: आदित्यपुर के 2.20 लाख लोगों के घरों में पाइपलाइन से रसोई गैस की सप्लाई होगी। गैस ऑथरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (गेल) के पदाधिकारी ने बताया कि आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत गेल इंडिया का नेचुरल पाइप गैस लाइन बिछाया जाएगा। इसको लेकर शुक्रवार को ऑटो क्लस्टर सभागार में निगम के जन प्रतिनिधियों के साथ गेल इंडिया के जीएम, डीजीएम और सीनियर मैनेजर ने प्रोजेक्ट का प्रेजेंटेशन दिया। इस दौरान उन्होंने गैस पाइप लाइन बिछाने की योजना के बारे में जानकारी दी। गेल इंडिया के पदाधिकारी ने पार्षदों को बताया कि निगम के 35 वार्ड में कुल 601 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाई जाएगी। पाइप 1.2 मीटर नीचे सड़क के दोनों किनारे बिछाई जाएगी। इससे निगम क्षेत्र के कुल 2.20 लाख परिवारों को गैस कनेक्शन दिए जाएंगे।

सिटी गेट स्टेशन स्थापित

गेल इंडिया के जीएम रंजन कुमार ने बताया कि निगम क्षेत्र में गैस की आपूर्ति के लिए वार्ड-1 के हथियाडीह में 3 एकड़ जमीन पर सिटी गेट स्टेशन स्थापित किया जा चुका है। जिले में गेल इंडिया 41 जगहों पर सीएनजी स्टेशन भी स्थापित करेगी। घरों में कनेक्शन देने के बाद उद्योगों में भी एनपीजी गैस पाइप लाइन बिछेंगे और उद्योगों में भी लिक्विड पेट्रोलियम गैस (एलपीजी) की सप्लाई बंद होगी।

होगा बेहतर प्रयास

गेल इंडिया के अधिकारियों का मानना है कि सरकार का यह कदम पर्यावरण और पब्लिक हेल्थ की दिशा में बेहतर प्रयास होगा। कार्यक्रम में निगम के मेयर विनोद श्रीवास्तव, उप मेयर अमित सिंह, अपर नगर आयुक्त गिरिजा शंकर प्रसाद के पार्षद मौजूद थे।

संघ का चुनाव 30 नवंबर को

पूर्वी सिंहभूम जिला में प्राथमिक शिक्षक संघों की विभिन्न इकाइयों का पुनर्गठन शुरू हो गया है। अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ के जमशेदपुर एक व दो इकाई का चुनाव 30 नवंबर को होना है। अंचल कमेटी के इस चुनाव को स्वतंत्र एवं निष्पक्ष रूप से संचालित करने के लिए संघ के जिलाध्यक्ष श्यामनंदन सिंह एवं महासचिव शिवशंकर पोलाई की सहमति से बोड़ाम से राज्य प्रतिनिधि मधुसूदन को चुनाव पदाधिकारी तथा जिला कार्यकारिणी सदस्य माझिया सोरेन को चुनाव पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। यह जानकारी संघ के जिला संगठन मंत्री सुनील कुमार यादव द्वारा दी गई। चुनाव के दौरान उपस्थित सभी शिक्षकों से मास्क पहनकर आने को कहा गया है। बताया जा रहा है कि यह चुनाव ठक्कर बापा स्कूल धतकीडीह में होगा। इस चुनाव के बाद शिक्षकों की समस्याओं को लेकर संघीय आंदोलन की रणनीति पर विचार-विमर्श किया जाएगा तथा इस पर अमल किया जाएगा।