जमशेदपुर (ब्यूरो): सरायकेला-खरसावां जिला के गम्हरिया प्रखंड में रविवार को संपर्क अभियान के दौरान सिंहभूम की भाजपा प्रत्याशी गीता कोड़ा को लोगों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। संपर्क अभियान के क्रम में गीता कोड़ा अपने समर्थकों के साथ जैसे ही गम्हरिया प्रखंड के मोहनपुर गांव पहुंची, स्थानीय लोगों ने उनका विरोध शुरू कर दिया। लोगों ने वहां हंगामा शुरू कर दिया और लोगों की भारी भीड़ जुट गई। इस दौरान स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोग कुछ भी समझने को तैयार नहीं थे। कहा जा रहा है कि मोहनपुर गांव में दूसरे गांव से लोगों को विरोध के लिए लाया गया था।

धक्का-मुक्की भी की

इतना ही नहीं ग्रामीण महिलाओं ने भाजपा की कुछ महिला नेत्रियों के साथ धक्का मुक्की भी की। हाथापाई में महिला नेत्री रश्मि साहू, अमित सिंहदेव के साथ ही भाजपा नेता गणेश माहली घायल हो गए। मामले की जानकारी मिलते ही कई थाना प्रभारी के साथ ही एसडीपीओ भी मौके पर पहुंचे और किसी तरह लोगों को समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया गया। लोगों के विरोध के बाद गीता कोड़ा ने अपना जनसंपर्क रोक दिया। इस दौरान भाजपा नेता गणेश महाली, रश्मि साहू, अमित सिंहदेव, राकेश सिंह, मनोज तिवारी, स्वप्निल सिंह, निरंजन मिश्रा सहित गम्हरिया एवं आरआईटी मंडल के दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।

की जाएगी शिकायत

स्थानीय लोगों ने कहा कि गांव में मांझी बाबा सर्वोपरि होते हैं और बिना उनकी अनुमति के कुछ लोग गांव में प्रवेश कर गए। उन्होंने ग्रामीण युवकों के साथ धक्का मुक्की की और धनुष भी तोड़ दिया। वहीं, सांसद और भाजपा प्रत्याशी गीता कोड़ा ने कहा कि जन संपर्क के दौरान हर जगह कुछ लोग विरोध कर रहे थे। बाइक सवार कुछ लोग विरोध में नारेबाजी कर रहे थे। उनका कहना था कि पहले से प्लानिंग के साथ ही विरोध किया गया। कुछ ऐसे लोग थे, जो बात करने के लिए नहीं, बल्कि विरोध करने के लिए आए थे। प्रशासन को सूचना देने के बाद करीब डेढ़ घंटे देर से पहुंची। यह घटना दिखाती है कि विपक्ष को लोकतंत्र पर भरोसा नहीं है और वे लोग लोकतंत्र की हत्या करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि मामले की शिकायत चुनाव आयोग से की जाएगी।