जमशेदपुर : कोल्हान डीआइजी राजीव रंजन सिंह के आदेश पर शहर में ड्रग्स के खिलाफ विशेष छापेमारी अभियान जारी है। सोमवार को सीसीआर डीएसपी अनिमेष कुमार गुप्ता की टीम ने परसुडीह थाना क्षेत्र कीताडीह गाडीवान पट्टी में छापेमारी कर ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री के धंधे में शामिल रूही परवीन और उसके पति आबिद को सात पुडि़या ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। इस दौरान रूही परवीन महिला पुलिसकर्मियों से उलझ गई। हाथापाई भी की। पुलिस उसे कब्जे में कर थाना ले गई। आरोपित ने ने गिरोह के सदस्य पकड़े नहीं जाए। उनका नंबर पुलिस के हाथ नहीं लगे। इस कारण मोबाइल भी तोड़ दिया। पुलिस की गिरफ्त में आने से पहले वह अधिकांश पुडि़या बेच चुकी थी। आबिद हत्या, लूट, डकैती समेत कई आपराधिक मामलों का आरोपित रहा है। हत्या के एक मामले में उसे अदालत ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। लंबे समय तक वह जेल में था। पेरोल पर वह जेल से बाहर है। पत्नी की इलाज कराने के नाम पर वह जेल से बाहर हुआ था। डीएसपी अनिमेष कुमार गुप्ता ने पति-पत्नी दोनों के खिलाफ प्राथमिकी होगी।

कीताडीह में बेचती थी रूही परवीन

सीसीआर पुलिस की टीम ने ब्राउन शुगर के साथ एक नाबालिग को पकड़ा था जो रूही खातून के कहने पर ब्राउन शुगर की बिक्री घूम-घूमकर करता था। उसकी निशानदेही पर सीसीआर डीएसपी की टीम ने महिला को गिरफ्तार किया। उसके पास से ब्राउन शुगर की बरामदगी की गई। बताया जा रहा कि आबिद की शह पर ही वह नशा की पुडि़या बेच रही थी। पूछताछ में बताया मानगो की महिला फरीदा से वह ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री करती थी। नशा की एक पुडि़या वह 250 रुपये में बेचती थी। गौरतलब है कि परसुडीह के कीताडीह गाड़ीवान पट्टी में लंबे समय से ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जा रही थी। इससे पहले चार लोग ब्राउन शुगर के साथ पकड़े गए थे।