JAMSHEDPUR: मानगो थाना क्षेत्र के दीपासाई कुंवर बस्ती के संचालित हो रही विदेशी शराब की मिनी फैक्ट्री में आबकारी विभाग की टीम ने छापेमारी की। मौके से पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया जबकि सरगना समेत अन्य भागने में सफल रहे। फैक्ट्री से 400 लीटर स्प्रिट, कैरेमेल, शराब की खाली बोतल, विभिन्न ब्रांडेड कंपनी की निर्मित अंग्रेजी शराब, स्टीकर, कार्क, ढक्कन, रैपर समेत अन्य सामान बरामद किए है जिसकी कीमत पांच लाख रुपये बताएं जा रहे है। बताया जा रहा यहां निर्मित होने वाली नकली शराब बंगाल, झारखंड और बिहार में पहुंचाई जाती थी। प्रतिदिन एक पिकअप वैन शराब का निर्माण होता था और उसकी आपूर्ति होती की जाती थी। धंधा विगत दो साल से चल रहा था। लॉकडाउन में भी इस फैक्ट्री से निर्मित शराब की खेप बाजार में पहुंचाई जाती थी। फैक्ट्री में 20 से अधिक लोग काम करते थे जिसमें महिलाएं भी शामिल है। कुंवर बस्ती में एक मकान में फैक्ट्री का संचालन हो रहा था। लॉकडाउन से फैक्ट्री संचालित हो रही थी। गिरफ्तार राजा कुमार और प्रेम कुमार मानगो दाईगुटु के निवासी है।

आबकारी विभाग के अधिकारी महेंद देवगन ने बताया कि होली के मद्देनजर होटल, ढाबा, बस्तियों में अवैध शराब बेचने वालों के खिलाफ छापेमारी अभियान चल रहा है। शुक्रवार को जादुगोड़ा, चाकुलिया, पोटका में अवैध शराब बेचने वाले सात लोगों को गिरफ्तार किया गया था। शनिवार को मानगो के कुंवर बस्ती में जिस मकान में शराब बनाने का काम चल रहा था। वह तेज बहादुर सिंह की है। किराए पर एक आदमी को दिया गया था। अभी मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही धंधे से जुड़े लोग पकड़े जाएंगे।

कभी सरगना नहीं पकड़े नहीं जाते

विदेशी शराब की मिनी फैक्ट्री में कई बार आबकारी विभाग की टीम ने शहर और ग्रामीण इलाके में छापेमारी की, लेकिन सरगना कभी नहीं पकड़े गए जिसके कारण धंधे पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। सरगना छापेमारी के बाद दूसरे जगह पर मिनी फैक्ट्री संचालन शुरू कर देते है। इससे पहले विभाग ने सीतारामडेरा, बिष्टुपुर के बेल्डीह ग्राम बस्ती, कदमा के एक फ्लैट में विगत दिनों छापेमारी की थी। शराब बरामद किए गए, लेकिन सरगना नहीं पकड़े गए।