JAMSHEDPUR: शहर के विभिन्न एजुकेशनल इंस्टीट्यूट्स और ऑर्गनाइजेशन्स की ओर से इंटरनेशनल वीमेंस डे सेलिब्रेट किया गया। इस दौरान तरह-तरह के प्रोगाम आयोजित किए गए। कहीं म्यूजिक की धुन पर महिलाएं जमकर थिरकीं तो कहीं कविता पाठ और कहीं रैंप पर वाक कर महिला सशक्तिकरण का मैसेज दिया गया। इस दौरान प्रतिभाशाली महिलाओं को सम्मानित भी किया गया।

केसीसी में रंगारंग कार्यक्रम

करीम सिटी कॉलेज की एनएसएस इकाई द्वारा रविवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला सशक्तिकरण के लिए नृत्य, गायन, रैंपवाक, कविता पाठ किया गया। इसमें 100 स्वयंसेवकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और इसे सफल बनाने में योगदान दिया। कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ। मोहम्मद रेयाज ने कार्यक्रम की सराहना की। आयोजन इकाई के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ। एसके अनवर अली एवं सैयद साजिद परवेज के नेतृत्व में किया गया।

शिक्षा पर देना होगा ध्यान : वीसी

आज महिलाओं को सशक्त होने के लिए सिर्फ शिक्षा पर ध्यान देना होगा। शिक्षा ही एक ऐसा अस्त्र है, जिससे आमूल चूल परिवर्तन किया जा सकता है तथा महिलाओं को एक परिवार, समाज सभी जगह उचित सम्मान एवं आदर मिलेगा। यह बातें कोल्हान यूनिवर्सिटी (केयू) की वीसी प्रोफेसर डॉ। शुक्ला माहांती ने विश्वविद्यालय में एनएसएस द्वारा महिला दिवस पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा महिलाओं को लेकर चलाई गई कई योजनाओं की जानकारी दी। इस कार्यक्रम को विश्वविद्यालय के प्रॉक्टर डॉ एके झा, एनएसएस को-ऑर्डिनेटर डॉ दारा सिंह ने भी संबोधित किया।

एनएसयूआइ ने दस महिलाओं को किया सम्मानित

महिला दिवस के अवसर पर भारतीय राष्ट्रीय छात्र संघ (एनएसयूआइ) द्वारा महिला दिवस का आयोजन साकची स्थित कार्यालय में किया। इसमें बेहतर कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज छात्रसंघ अध्यक्ष कमल अग्रवाल, एनएसयूआइ जिला उपाध्यक्ष सरोज पात्रा, प्रशांत कुमार, अमर तिवारी, राहुल कुमार, राज महतो, राहुल गिरी एवं अन्य ने मिलकर इसे सफल बनाया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से एनएसयूआइ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष परविंदर सिंह एवं रांची के जिला अध्यक्ष विक्की कुमार मौजूद थे।

एनएसयूआइ ने इनको किया सम्मानित

अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट टीम की शिवानी वर्मा, एनएसयूआइ की जिलाध्यक्ष रोज तिर्की को राजनीतिक में महिलाओं को सशक्त करने, प्रियंका कुमारी को बैडमिंटन क्षेत्र में नाम रोशन करने, शहनाज प्रवीण को प्रेरणादायक वक्ता के रूप में, प्रियंका सिरका को सामाजिक योगदान करने, सुशीला कश्यप को लगातार छात्रों की समस्याओं को उठाने, एकता, गीता एवं भावना को संघर्ष करते हुए शिक्षा को जारी रखने व निधि कुमारी को सामाजिक कार्य में हिस्सेदारी के लिए सम्मानित किया गया।