JAMSHEDPUR: झारखंड की राजधानी रांची में 656 एकड़ जमीन पर बनने वाले विश्व स्तरीय स्मार्ट सिटी के लिए जमशेदपुर के इन्वेस्टर या डेवलपर के लिए आवासीय, शिक्षा, स्वास्थ्य व होटल निर्माण के क्षेत्र में मिल सकेगा मौका। इसके लिए रांची स्मार्ट सिटी कॉरपोरेशन के पदाधिकारी जमशेदपुर पहुंच गए हैं। जमशेदपुर पहुंचने के बाद धालभूम अनुमंडल पदाधिकारी नीतीश कुमार, जमशेदपुर अक्षेस के विशेष पदाधिकारी कृष्ण कुमार, रांची स्मार्ट सिटी कारपोरेशन के जनसंपर्क पदाधिकारी अमित कुमार, नगर प्रबंधक संदीप कुमार, रवि भारती, अनय राज, सोनल सिंह चौहान ने कार्यक्रम स्थल पर जाकर तैयारियों का जायजा लिया

कंपनियों के लिए सुनहरा मौका

रांची स्मार्ट सिटी कारपोरेशन के जनसंपर्क पदाधिकारी अमित कुमार ने बताया कि जमशेदपुर के निर्माण कंपनियों के लिए सुनहरा अवसर है। उन्होंने बताया कि वैसी कंपनी या डेवलपर्स जो रियल एस्टेट, शैक्षणिक संस्थान, अस्पताल, मॉल, होटल आदि विकसित करने में रूचि रखते हैं, और वह रांची स्मार्ट सिटी द्वारा शुरू किए गए ऑक्शन प्रक्रिया में भाग लेने की अर्हता रखते है। तो वह ऑनलाइन ऑक्शन प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं। उन्होंने बताया कि ऑक्शन की प्रक्रिया को पूरी तरह कॉन्टैक्टलेस बनाई गई है।

इसी ऑक्शन प्रक्रिया पर जमशेदपुर के निवेशकों के साथ बातचीत के लिए 29 जनवरी की सुबह 11 बजे से एक्सएलआरआई ऑडिटोरियम में इन्वेस्टर्स मीट का आयोजन किया गया है। उन्होंने बताया कि ई-ऑक्शन की पूरी जानकारी रांची स्मार्ट सिटी कॉरपोरेशन की वेबसाइट पर देख सकते हैं। उन्होंने बताया कि रांची स्मार्ट सिटी कारपोरेशन की ओर से प्लॉट्स के ऑक्शन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वर्तमान में आवासीय, व्यावसायिक, शैक्षणिक, स्वास्थ्य, हॉस्पिटैलिटी, होटल, मिक्स यूज इत्यादि क्षेत्रों के लिए कुल 52 बड़े प्लॉट्स के ऑक्शन की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है।

रांची स्मार्ट सिटी में यह है खास

रांची स्मार्ट सिटी कारपोरेशन के जनसंपर्क पदाधिकारी अमित कुमार ने बताया कि लगभग 656 एकड़ जमीन में बस रही ग्रीन फील्ड स्मार्ट सिटी का 37 प्रतिशत क्षेत्र ओपन स्पेस के रूप में रहेगा जहां पर सड़क, ड्रेनेज, सीवरेज, पार्क और पौधरोपण होगा। बाकी बचे जमीन को अलग-अलग क्षेत्र जैसे शैक्षणिक, आवासीय व्यावसायिक, होटल उद्योग, अस्पताल आदि के लिए रखा गया है। 24 घंटे निर्वाध बिजली, निर्वाध जलापूर्ति के साथ ही नई सड़कें 9 मीटर से 45 मीटर चौड़ी होगी।