जमशेदपुर : जमशेदपुर के वांटेड गैंगस्टर सुधीर दुबे को झारखंड पुलिस ने पंजाब के संगरूर जिले के एक होटल में पंजाब पुलिस के सहयोग से गुरुवार रात छापेमारी कर गिरफ्तार कर लिया है। वह एक होटल में अपने साथियों के साथ ठहरा था। सुधीर दुबे मूल रूप से बिहार के बक्सर जिले के कृष्णाब्रम्हापुर थाना क्षेत्र के ढकाइच का निवासी है। उसकी गिरफ्तारी में अखिलेश सिंह गिरोह के गुर्गे की मुखबिरी बताई जा रही है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसे लेकर जमशेदपुर के लिए रवाना हो गई।

29 अप्रैल 2020 को हुआ था गैंगवार

जमशेदपुर में अखिलेश सिंह के गुर्गे कन्हैया सिंह और सुधीर दुबे के साथी कल्लू राय के बीच 29 अप्रैल की रात 2020 को हुए गैंगवार मामले में पुलिस को उसकी तलाश थी। दोनों गिरोह के बीच जमकर गोलियां चली थीं। कन्हैया दुबे समेत सात लोग घायल हुए थे। सुधीर दुबे कारबाइन चलाते हुए भाग निकला था। वह 14 माह से फरार चल रहा था। इस गैंगवार में उसका गिरफ्तारी वारंट और कुर्की जब्ती वारंट जारी था।

बक्सर आवास पर इश्तेहार चस्पा था

सितंबर 2020 में शहर के सीतारामडेरा थाना की पुलिस ने उसके बक्सर आवास पर कुर्की जब्ती और फरारी का इश्तेहार चस्पा किया था। सुधीर दुमका जेल में बंद शहर के गैंगस्टर अखिलेश सिंह का गुर्गा हुआ करता था। बाद में उसकी अदावत अखिलेश सिंह से हो गई। उसने अखिलेश सिंह के समांतर आपराधिक गैंग खड़ा कर लिया था। उसके गिरोह में जमशेदपुर, बोकारो, सरायकेला-खरसावांके कई अपराधी शामिल हैं।

अमित राय हत्याकांड में हुई थी उम्रकैद

जमशेदपुर में उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी, फाय¨रग समेत 14 से अधिक मामले दर्ज हैं। कुछ माह पहले टेल्को थाना की पुलिस ने सुधीर दुबे के पांच गुर्गो को गिरफ्तार किया था। जो सुधीर दुबे के नाम पर क्रशर कारोबारी से रंगदारी की मांग कर रहे थे। उसके गिरोह में कदमा के राजीव राम, भानू मांझी, कल्लू राय समेत कई दागी शामिल है। मुख्य सहयोगी राजीव राम और भानु मांझी जेल में बंद है। सोनारी के अमित राय की हत्या मामले में सुधीर दुबे, कन्हैया सिंह, मोहन यादव और संजीव गोराई को 31 जुलाई 2018 को उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। अमित राय की हत्या सोनारी में 6 दिसंबर 2016 को कर दी गई थी। अपील पर झारखंड उच्च न्यायालय से सुधीर दुबे और कन्हैया सिंह जमानत पर रिहा हो गए थे। इसके बाद सुधीर दुबे का नाम भुइयांडीह गैंगवार में सामने आया।

आ‌र्म्स के साथ सोशल मीडिया में डालता है फोटो

अत्याधुनिक हथियार और गुर्गो के साथ सुधीर दुबे तस्वीर इंटरनेट मीडिया पर डालता रहा है। इसे लेकर वह हमेशा चर्चा में रहा है। अखिलेश सिंह और सुधीर दुबे के बीच इंटरनमेट मीडिया पर एक-दूसरे को देख लेने का वाकयुद्ध चलता रहा है जिसकी जानकारी पुलिस को भी थी। उसके गुर्गो की मानें तो सुधीर दुबे लकवाग्रस्त हो गया है। वह पंजाब में इलाज करा रहा था।