जमशेदपुर (ब्यूरो): मंगलवार को जमशेदपुर पुलिस ने लॉटरी के अवैध धंधे का खुलासा किया। इतना ही नहीं भारी मात्रा में अवैध लॉटरी टिकट और करीब 20 लाख रुपए कैश भी पुलिस के हाथ लगे हैं। इस दौरान एक युवक को भी गिरफ्तार किया गया है। एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित गालूडीह के पाटमहुलिया का निवासी है।

डिजिटल मोड पर खेल

खास बात यह है कि अवैध धंधेबाज लॉटरी टिकटों की फिजिकल तौर पर बिक्री नहीं करते, बल्कि यह पूरा खेल डिजिटल मोड में संचालित होता है। धंधेबाजों ने बाकायदा एक व्हाट्सएप ग्रुप बना रखा है। उसपर लॉटरी टिकट का नंबर शेयर कर दिया जाता है। इसके बाद ग्रुप के लोग भुगतान कर अपने पसंद की टिकट नंबर खरीद लेते हैं। एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि अवैध लॉटरी नागालैंड की है, जिसका व्हाट्सएप पर डिजिटल तरीके से संचालन हो रहा था।

पुलिस ने की छापामारी

टिकटों की खरीदारी के लिए भुगतान करने का माध्यम ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों मोड में उपलब्ध है। यह सारा खेल गालूडीह अंचल मैदान स्थित एक पान दुकान से संचालित हो रहा था। पुलिस को जानकारी मिली तो वहां छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान पुलिस को इस अवैध कारोबार से जुड़े कई सबूत हाथ लगे हैं। पुलिस ने गुमटी संचालक गौतम मंडल को गिरफ्तार कर लिया है। पान दुकान से पुलिस ने 1198 पीस लॉटरी टिकट और 20,89,788 रुपए नकद सहित अन्य सामान बरामद किया है।

5 नोटबुक में सारा विवरण

छापेमारी के दौरान पुलिस ने 5 नोटबुक भी बरामद किया है। इस नोटबुक से भी पुलिस को कई सुराग मिले हैं। इसमें लॉटरी के इस कारोबार का पूरा विवरण भी है। लॉटरी के धंधे की जानकारी मिलने के बाद टीम बनाकर छापेमारी की गई। छापेमारी में कैश और टिकट बरामद हुआ है। एक की गिरफ्तारी भी हुई है। संचालक फरार है और उसकी गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। लोगों से अनुरोध है कि किसी तरह के भी अवैध कारोबार की जानकारी पुलिस को जरूर दें।

-प्रभात कुमार, एसएसपी, जमशेदपुर