JAMSHEDPUR: पश्चिमी सिंहभूम जिला के घोर नक्सल प्रभावित टोंटो थाना अंतर्गत रेंगड़ाहातु गांव के पहाड़ पर नक्सलियों ने पुलिस मुखबिरी बताकर एक ग्रामीण को गोलियों से भूनकर हत्या कर दी है। चेहरे और शरीर पर अलग-अलग जगह 6 से ज्यादा गोली मारी गयी हैं। मृतक का नाम बजाय मुंडारी (30) है। नक्सलियों ने इस वारदात को रविवार की रात करीब 8 बजे अंजाम दिया। बजाय को मारने से पहले नक्सलियों ने उसकी गर्भवती पत्नी सुनिया मुंडारी के साथ भी मारपीट की। सुनिया गांव में राशन डीलर है। रेंगड़ाहातु गांव टोंटो थाना से करीब 40 किलोमीटर दूर है।

रात में आ धमके नक्सली

सोमवार को पुलिस अधीक्षक इंद्रजीत माहथा को हत्या की सूचना मिली तो उन्होंने जगन्नाथपुर डीएसपी प्रदीप उरांव के नेतृत्व में एक टीम का गठन कर अनुसंधान के लिए भेजा। पुलिस ने रेंगड़ाहातु जाकर बजाय के शव को अपने कब्जे में लिया और देर शाम झींकपानी लेकर आयी है। घटनास्थल से पुलिस को गोली के खोखे बरामद हुए हैं। बताया जा रहा है कि बजाय रात को अपने पत्नी के साथ घर के अन्दर था। उसी दौरान हथियार से लैस 12-15 नक्सली पहुंचे और दरवाजा जबरन खोलवाया। दरवाजा खोलकर बजाय जैसे ही बाहर आया, नक्सली साथ मारपीट करने लगे। बीच बचाव करने पर उसकी गर्भवती पत्नी के साथ भी मारपीट की। इसके पश्चात बजाय को एक पहाड़ी पर घसीट कर ले गये और वहां गोली मारकर हत्या कर दी। गांव में चर्चा है कि नक्सलियों ने लेवी वसूली करने व उनका सहयोग नहीं करने के कारण घटना को अंजाम दिया है। उस पर पुलिस का खबरी होने का भी आरोप लगाया जा रहा है। मृतक बजाय की पत्नी महिला समूह की ओर से राशन दुकान चलाती है।

रेंगड़ाहातु गांव में राशन डीलर के पति की गोली मारकर हत्या की गयी है। यह गांव घोर नक्सल प्रभावित है। मृतक बजाय मुंडारी को पुलिस का खबरी बताकर नक्सलियों ने मारा है। घटनास्थल से 5-6 खोखा बरामद हुए हैं। हत्या में बड़े हथियार का इस्तेमाल किया गया है। शव को गांव से लाने में रात हो गयी है। इस वजह से पोस्टमार्टम नहीं हो पाया है। मंगलवार को पोस्टमार्टम कराने के बाद यह स्पष्ट होगा कि कुल कितनी गोली बजाय को मारी गयी हैं।

-इंद्रजीत माहथा, एसपी, चाईबासा