जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले में कोरोना मरीजों की संख्या लगातार घट रही है। मंगलवार को कुल तीन हजार 353 लोगों की जांच की गई। इसमें 31 पॉजिटिव मिले। वहीं, एक मरीज की मौत हुई। मृतक परसुडीह निवासी महिला (27) हैं। उसका इलाज मर्सी अस्पताल में चल रहा था। जिले में अभी तक कोरोना से 1045 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, पांच हजार 404 लोगों का नमूना लेकर जांच के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज में भेजा गया है। रिपोर्ट शुक्रवार तक आने की संभावना है।

50 मरीज स्वस्थ हुए

शहर के विभिन्न कोविड अस्पतालों में भर्ती कुल 50 मरीज मंगलवार को स्वस्थ होकर घर लौटे। जिले में अबतक कुल 50 हजार नौ मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। जिले का रिकवरी रेट 97.52 फीसद है। वर्तमान में 256 एक्टिव केस है।

3787 ने ली पहली डोज

पूर्वी सिंहभूम जिले में मंगलवार को तीन हजार 787 लोगों को वैक्सीन की पहली डोज दी गई। वहीं, दो हजार चार लोगों ने दूसरी डोज ली। जिले में अभी तक कुल तीन लाख 94 हजार 330 लोगों ने वैक्सीन ली है। वहीं, 85 हजार 780 लोगों ने दूसरी डोज ली है।

वैक्सीन की कमी से जूझ रहा पूर्वी सिंहभूम

पूर्वी सिंहभूम जिले में वैक्सीन की भारी कमी हो गई है। पहली डोज तो छोडि़ए दूसरे डोज के लिए भी लोगों को भटकना पड़ रहा है। मंगलवार को साकची स्थित रेड क्रास भवन में वैक्सीन लेने के लिए कई लोग पहुंचे थे लेकिन उन्हें निराशा ही लौटना पड़ा। जबकि उनका दूसरा डोज का समय पूरा हो गया था। वैक्सीन सेंटर पर तैनात कर्मचारियों ने बताया कि वैक्सीन की कमी होने की वजह से यह स्थिति उत्पन्न हुई है। दूसरे डोज लेने के लिए भी रजिस्ट्रेशन कराना पड़ रहा है, जो पहले नहीं कराना पड़ता था। मंगलवार को रेड क्रास भवन में एक कैंसर रोगी भी वैक्सीन लेने पहुंची थी लेकिन उसका रजिस्ट्रेशन नहीं होने की वजह से वैक्सीन नहीं मिल सकी। जबकि उसका दूसरा डोज लेने का समय पूरा हो गया था। इसी तरह, दूसरे सेंटरों का भी यही हाल रहा। कर्मचारियों का कहना है कि यह स्थिति लगभग 21 जुलाई तक रहेगी। 21 जुलाई के बाद पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन पहुंचने की उम्मीद है। उसके बाद स्थिति सामान्य होने की संभावना है। फिलहाल वैक्सीन की मांग राज्य के सात जिलों से की गई है लेकिन अभी तक कहीं से पहुंची नहीं है। जिले में फिलहाल उम्र 45 साल से अधिक वालों के लिए कोवैक्सीन का सिर्फ 50 डोज ही बचा है। जबकि कोविशील्ड का 2320 डोज है। वहीं, उम्र 18 से अधिक वालों के लिए भी वैक्सीन की किल्लत है। उम्र 18 से 44 वालों के लिए कोवैक्सीन का 50 डोज व कोविशील्ड का 1060 डोज बचा है।