जमशेदपुर (ब्यूरो): झारखंड पुनरुत्थान अभियान, झारखंड जनतांत्रिक महासभा, सामुटोला ग्राम सभा और मनपीटा ग्राम सभा की 12 दिवसीय पदयात्रा शुक्रवार को खैरबनी में प्रस्तावित कचड़ा प्लांट से सुबह 10 बजे शुरू हुई। प्रस्तावित कचड़ा प्लांट से पदयात्रा शुरू होकर मनपीटा में प्रस्तावित हैवी विकेल मोटर ट्रेनिंग सेंटर क्षेत्र से होकर बिरसानगर स्थित बिरसा मुंडा के प्रतिमा पर माल्यार्पण कर आगे बढ़ी। इसके बाद साकची गोलचक्कर स्थित बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पदयात्रा आगे करनडीह की ओर बढ़ गई।

किया जा रहा विरोध

इससे पूर्व साकची में एक सभा का भी आयोजन हुआ। सभा को संबोधित करते हुए कृष्णा लोहार और कुमार चंद्र मार्डी ने कहा कि पदयात्रा खैरबनी में कचरा प्लांट और मनपीटा में हैवी व्हीकल मोटर ट्रेनिंग सेंटर के विरोध में की जा रही है, जिसका निर्माण बिना ग्राम सभा के ही किया जा रहा है। इसके साथ ही यह पदयात्रा जमशेदपुर से कलिंगानगर तक टाटा द्वारा बनाये जा रहे 286 किमी डेवलपमेंट कॉरिडोर के खिलाफ है।

इनकी रही मौजूदगी

पदयात्रा में लक्ष्मी महतो, संगीता महतो, कविता महतो, सितोला महतो, रानीता सोरेन, सरिता हो, पिंकी हो, चित्रसेन सिंकू, सन्नी सिंकू, कृष्णा लोहार, कुमार चंद्र मार्डी, सोमनाथ पाडेया, दीपक रंजीत, लक्ष्मण लोहार, प्रभाकर हांसदा, उत्तम महतो, धनंजय महतो, झंटू महतो आदि लोग शामिल थे।

बिजली व्यवस्था में करें सुधार

मानगो में बिजली और पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है। लोग काफी परेशान हैं। क्षेत्र की बिजली व्यवस्था में सुधार के लिए शुक्रवार को मानगो विकास समिति के अध्यक्ष ओंकार नाथ सिंह ने विद्युत महाप्रबंधक को पत्र लिखा। उन्होंने कहा कि मानगो की लचर विद्युत आपूर्ति व्यवस्था के कारण मानगो वासियों का जीना दूभर हो गया है। विगत एक पखवाड़े से बिजली की आंख मिचौली जारी है। समिति के अध्यक्ष ओंकार नाथ सिंह ने व्यवस्था में जल्द सुधार करने अन्यथा उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि फिक्स्ड मीटर चार्ज के नाम पर जो राशि ली जा रही है वह गलत है, क्योंकि, जब आपूर्ति ही नहीं तो मीटर को अपने खर्च पर प्रदर्श के रूप में रखने का शुल्क क्यों? समिति ने दो दिनों का समय देते हुए कहा है कि यदि स्थिति में सुधार नहीं होता है तो अगले सप्ताह कार्यपालक पदाधिकारी के कार्यालय पर प्रदर्शन किया जाएगा और जरूरत पडऩे पर कार्यालय में तालाबंदी भी की जाएगी।