जमशेदपुर (ब्यूरो): आजाद नगर थाना क्षेत्र में थाना शांति समिति के सदस्यों एवं मस्जिदों के इमाम के बीच ईद उल जुहा बकरीद पर्व को लेकर बैठक हुई। इस बैठक में त्योहार को शांति पूर्व मनाने को लेकर चर्चा हुई। एमओ अकादमी स्थित मदीनातुल ओलूम मस्जिद के इमाम अनिसुर रहमान ने कहा कि किसी भी तरह के प्रतिबंधित जानवर की कुर्बानी नहीं की जायेगी। कहा कि जो भी कुर्बानी देश के मुताबिक जायज है जैसे बकरा, बकरी, भेड़ आदि की ही कुर्बानी दी जाएगी। नगर निगम में कार्यपालक पदाधिकारी चंदन कुमार ने कुर्बानी के बचे हुए अवशेष को नगर निगम द्वारा चिन्हित जगहों पर ही डालने को कहा, ताकि गंदगी इधर उधर न फैले। डीएसपी सुमित कुमार ने इस बार भी ईद उल जुहा पूरी साफ-सफाई एवं भाईचारे के साथ मनाने की उम्मीद जताई। कहा कि स्थिति पर नियंत्रण के स्पेशल फोर्स तैनात किया जाएगा।

ये रहे मौजूद

बैठक की अध्यक्षता पटमदा सर्कल के डीएसपी सुमित कुमार और संचालन मानगो नगर निगम के ब्रांड एंबेसेडर मुख्तार आलम खान ने की। मौके पर आजाद नगर थाना प्रभारी राकेश कुमार, मानगो नगर निगम की परीक्ष्यमान कार्यपालक पदाधिकारी चंदन कुमार, मानगो नगर निगम सिटी मैनेजर राहुल कुमार, एमओ अकादेमी के इमाम अनिसुर रहमान, मेंहदी मस्जिद के इमाम के अलावा शेख बदरुद्दीन, सरदार जसवंत सिंह, मोइनुद्दीन अंसारी, शाहिद परवेज, ताहिर हुसैन, मास्टर सिद्दीकी, हाजी फिरोज असलम, हाजी अब्दुल हाफिज,अबरार आलम, आजाद अंसारी, मास्टर सेराज, फरजाना सफी, सिद्दीक अली मौजूद थे।

24 घंटे बाद शुरू हुई पंप हाउस से जलापूर्ति

बागबेड़ा हाउसिंग कॉलोनी जलापूर्ति योजना के अंतर्गत बागबेड़ा कॉलोनी रोड नंबर 1 स्थित फिल्टर पंप हाउस के मोटर की बियरिंग जल जाने के कारण बुधवार से जलापूर्ति ठप थी। इस कारण कॉलोनी के घरों में जलापूर्ति नहीं हो सकी। पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता ने बताया कि गुरुवार की सुबह में भी पानी की आपूर्ति नहीं हो पाई थी। हालांकि पंचायत प्रतिनिधियों के अथक प्रयास से जले हुए बियरिंग को बदलने के बाद गुरुवार की शाम 5 बजे से जलापूर्ति शुरू हुई। सुबह में पूर्व जिप उपाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने अपने निजी 6000 लीटर वाली दोनों टैंकर से कुल 12000 लीटर पीने का पानी नि:शुल्क वितरित किया। इस दौरान उप मुखिया संतोष ठाकुर, वार्ड सदस्य सीमा पांडे, वार्ड सदस्य प्रतिनिधि राजकुमार सिंह, बन्ना गुप्ता फैंस क्लब के अध्यक्ष अनिल सिंह उपस्थित थे।