-आई नेक्स्ट के कैंपेन 'इज्जत करो' का दिखा असर

-पुलिस ने की पहल, परेशानी होने पर वाट्सऐप से सीटी एसपी को दे सकती हैं जानकारी

-मंडे को होगी मीटिंग, वीमेन सेफ्टी को लेकर बनेगी रणनीति

>jamshedpur@inext.co.in

JAMSHEDPUR : राह चलते कोई छेड़खानी कर रहा हो तो घबड़ाने की कोई जरूरत नही। अपनी मोबाइल से उसकी फोटो खींचकर लोकेशन की जानकारी के साथ सीधे सिटी एसपी के नंबर पर वाट्सऐप कर दीजिए, फौरन मदद पहुंचेगी। ये पहल की है जमशेदपुर पुलिस ने। इतना ही नही वीमेन सेफ्टी को लेकर सोमवार को पुलिस डिपार्टमेंट की अधिकारियों की विशेष मीटिंग भी बुलाई गई है। इसके अलावा वीमेन सेफ्टी इंश्योर करने के लिए पुलिस डिपार्टमेंट ने और भी कई पहल किए है। अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित रहने वाली लड़कियों और महिलाओं को यह खबर राहत पहुंचाने वाली है। साथ ही वीमेन सेफ्टी के लिए आई नेक्स्ट द्वारा चलाए गए अभियान 'इज्जत करो' की भी सफलता है।

व्हाट्एप पर पुलिस का इंटरनल ग्रुप क्रिएट किया गया

सिटी एसपी ने बताया कि पुलिस द्वारा फ्राइडे को एक इंटरनल वाट्सऐप ग्रुप बनाया गया है जिसमें पुलिस डिपार्टमेंट के सीनियर अधिकारियों सहित सभी थाना प्रभारी जुड़े है। पुलिस को कोई भी जानकारी मिलने पर फौरन वाट्सऐप पर बने इस ग्रुप में उसे अपडेट किया जाएगा जिससे पुलिस द्वारा फौरन एक्शन लेने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा की महिला सुरक्षा को लेकर सोमवार को पुलिस डिपार्टमेंट की एक विशेष मीटिंग बुलाई गई है जिसमें महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रणनीति बनाई जाएगी।

आई नेक्स्ट ने चलाया अभियान

जिसे देश में नारी की पूजा की जाती है वहीं पर आज हालात ये हैं की लड़कियां और महिलाएं घरों से निकलने में डरती है। ये दोहरा मानदंड आखिर क्यूं है? नवरात्र के मौके पर जब पूरा देश मां की भक्ति और पूजा में लीन है, आई नेक्स्ट ने वीमेन सेफ्टी को लेकर कैंपेन चलाया। शहर में क्या है महिला सुरक्षा का हाल, कैंपेन के दौरान हमने ये जानने की कोशिश की। इस अभियान के दौरान हमने शहर के विभिन्न स्थानों पर वीमेन सेफ्टी को लेकर रिएलिटी चेक के साथ-साथ इस मुद्दे पर लोगों की राय भी जानी। हमने पुलिस-प्रशासन से भी सवाल पूछे। डिस्ट्रिक्ट सहित स्टेट के सीनियर पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि वीमेन सेफ्टी इंश्योर करना ना सिर्फ उनकी ड्यूटी है, बल्कि एक जिम्मेदारी भी है। इन बातों में कितना दम है, शनिवार को शहर की सड़कों पर ये देखने को भी मिला। शहर के विभिन्न चौक-चौराहों सहित पुलिस मुस्तैद नजर आई।

चौक-चौराहों पर मुस्तैद दिखी पुलिस

दोपहर के वक्त साकची गोलचक्कर पर पुलिस और ट्रैफिक पुलिस के जवान मुस्तैद दिखे, एक जगह खड़े होकर सुस्ताने के बजाय वो चौक के चारों तरफ घूम-घूमकर अपनी मौजूदगी का अहसास करा रहे थे। इससे थोड़ी ही दूरी पर साकची बस स्टैंड के पास स्थित गोलचक्कर पर भी पुलिस के जवान तैनात थे। पुलिस की इस व्यवस्था का असर वहां से गुजरने वाली लड़कियों और महिलाओं के चेहरों से झलक रहा था। वे बैखौफ होकर सड़क के किनारे खड़ी होकर ऑटो या बस का वेट कर रही थीं। यहां उनके साथ कोई छेड़खानी नहीं कर सकता, इस बात को लेकर वे आश्वस्त थीं। मोदी पार्क, जुबिली पार्क के आसपास भी कुछ इसी तरह पुलिस के जवान तैनात दिखे। पुलिस की कुछ ऐसी ही व्यवस्था शहर के अन्य महत्वपूर्ण चौक-चौराहों और सड़कों पर भी दिखा।

महिलाओं का करेंगे सम्मान, युवाओं ने ली शपथ

हम शपथ लेते हैं की हमेशा महिलाओं का सम्मान करेंगे। महिलाओं के प्रति हमारा व्यवहार कभी ऐसा नहीं होगा जिससे उनके सम्मान को ठेस पहुंचे। हमारी नजरों के सामने या हमारी जानकारी में किसी महिला के साथ कोई अत्याचार हो रहा हो तो हम एकजुट होकर आवाज उठाएंगे। सड़क पर छेड़खानी जैसी घटनाओं को देखकर हम चुप नही रहेंगे, मूकदर्शक बने रहने के बजाय हम आगे बढ़कर उसे रोकने का प्रयास करेंगे। ये शपथ युवाओं ने ली है। आई नेक्स्ट के इज्जत करो अभियान के तहत हमने युवाओं को प्रेरित किया और उन्हें उनकी जिम्मेदारी का अहसास दिलाया। कई युवाओं ने अपनी जिम्मेदारी समझी और आगे बढ़कर महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने की शपथ ली।

वीमेन सेफ्टी को देखते हुए पुलिस ने कई कदम उठाए हैं। छेड़खानी जैसी कोई घटना होने पर लड़कियां या महिलाएं वाट्सऐप के जरिए इसकी सूचना मुझे दे सकती हैं। ऐसे मामलों में फौरन कारवाई सुनिश्चित की जाएगी। वीमेन सेफ्टी को लेकर सोमवार को विशेष मीटिंग भी बुलाई गई है।

-चंदन झा, सिटी एसपी, जमशेदपुर