JAMSHEDPUR: पंजाब की पुलिस जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र जेम्को में छापेमारी कर इंद्रजीत सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपित के खिलाफ गिरफ्तारी का वारंट था। पंजाब के तरण तारन के झबल थाना में आरोपित के खिलाफ उसके दामाद ने धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पंजाब पुलिस ने उपस्थिति के लिए कई बार नोटिस आरोपित को भेजा था, लेकिन न कोई जवाब दिया गया और न ही उपस्थित हुए।

यह है पूरा मामला

इंद्रजीत सिंह की बेटी की शादी पंजाब के युवक से हुई थी। विवाह के कुछ दिन बाद ही पति-पत्नी दोनों कनाडा चले गए। सुराल पक्ष ने इंद्रजीत की पुत्री को पढ़ाने का खर्चा उठाया। कनाडा भिजवाया। 2020 में किसी कारण वश पति-पत्नी के बीच विवाद हो गए। पत्नी ने तलाक ले लिया। वर्तमान में वह कनाडा में रह रही है। इस बीच लड़के पक्ष की ओर से झबल थाना में धोखाधड़ी की प्राथमिकी इंद्रजीत सिंह पर दर्ज करा दी। बताया लड़की की पढ़ाई-लिखाई और कनाडा भेजने में 25 लाख रुपये खर्च हुए। इस खर्च को वापस देने की मांग की जिसको लेकर लड़का और लड़की पक्ष के बीच विवाद बढ़ते गए। पारिवारिक विवाद होता रहा। समझौते के प्रयास होते रहे। बात नहीं बनी। पुलिस तक मामला पहुंच गया। धोखाधड़ी मामले में गिरफ्तारी वारंट जारी होने पर इंद्रजीत सिंह की तलाश पुलिस करने लगी। शुक्रवार को पुलिस टेल्को पहुंची। टेल्को थाना की पुलिस से संपर्क किया। स्थानीय थाना की मदद से आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को जमशेदपुर व्यवहार न्यायालय में प्रस्तुत कर टॉजिक्ट रिमांड पर ले जाने का आदेश मांगा। अदालत की अनुमति मिलने के बाद पुलिस पंजाब ले गई।

धोखाधड़ी मामले में आरोपी गिरफ्तार

25 लाख की धोखाधड़ी मामले में फरार प्रदीप सोनकर को सोनारी थाना की पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। आरोपित सोनारी नया लाइन का निवासी है। उसके खिलाफ गिरफ्तारी का वारंट न्यायालय से जारी था। टीनू दुबे ने आरोपित के खिलाफ धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। प्रदीप ने अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी जिसे जमशेदपुर व्यवहार न्यायालय ने खारिज कर दिया था। इसके बाद झारखंड हाईकोर्ट में उसने जमानत याचिका दाखिल की। उसे जमानत इस शर्त पर मिली थी कि निचली अदालत में वह उपस्थित होगा, लेकिन वह तीन माह बाद भी उपस्थित नहीं हुआ। इस कारण अदालत ने उसकी गिरफ्तारी का वारंट जारी किया था।