JAMSHEDPUR: आधी रात को तेज आंधी ने शहर के कई क्षेत्रों में तबाही मचा दी। पेड़ उखड़ गए तो कहीं पेड़ों की डालिया टूटकर गिरी। कई मकानों के छप्पर भी आंधी से उड़ गए। आधी रात को मौसम ने करवट लेते हुए करीब एक घंटे तक शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में तबाही मचाई। आंधी-तूफान से बिजली व्यवस्था प्रभावित हुई। शहर में भी सुबह नौ बजे तक रुक-रुककर हुई बारिश के कारण बिजली बंद होने से लोग परेशान रहे। आंधी तूफान ने से शहर के आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी जमकर तबाही मचाई। इस दौरान शहर के जुबिली पार्क के अलावा सर्किट हाउस क्षेत्र, टेल्को, मानगो डिमना रोड, डिमना लेक क्षेत्र, बालिगुमा, गो¨वदपुर आदि क्षेत्रों में पेड़ गिरने और पेड़ों से डालियां टूटकर गिरने की सूचना है। वहीं बेल्डीह गोल्फ ग्राउंड की घेराबंदी और साकची स्थित टाटा स्टील के वाटर व‌र्क्स की चारदीवारी निर्माण के लिए टीना से की गई घेराबंदी भी उड़ गई। इसके साथ छाया नगर, मेरिन ड्राइव, बर्मामाइंस, बालिगुमा समेत शहर के आसपास के ग्रामांचलों में कई कच्चे मकानों के छत आंधी से उड़ गए।

रात एक बजे बदलने लगा मौसम

रात को करीब एक बजे से ही मौसम बदलने लगा था। डरावनी मेघ गर्जन के साथ बिजली चमकने के बाद हुई तेज बारिश सुबह तक जारी रही। दोपहर 12 बजे तक आसमान में सूर्य देव ने दर्शन नहीं दिए थे। दोपहर बाद सूरज निकला, लेकिन धूप कड़ी नहीं थी। शाम ढलने पर फिर बूंदाबांदी हुई।

बना है चक्रवात

मौसम विभाग के अनुसार मध्य प्रदेश से असम तक चक्रवात बना है। इसी चक्रवात के कारण राज्य का मौसम करवट ले चुका है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के वैज्ञानिकों के अनुसार सोमवार की आधी रात को जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों में 30 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से हवा चली जबकि जमशेदपुर शहर में कुल 31.4 मिमी बारिश हुई। शहर और आसपास के क्षेत्र में तबाही मचाने के बाद आंधी कमजोर होकर मंगलवार की सुबह पश्चिम बंगाल में प्रवेश कर गया। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 25 अप्रैल को फिर आंधी चलने की संभावना है। वैसे आने वाले पांच दिनों तक राज्य का मौसम बिगड़ा रहेगा। रोज अलग-अलग जिलों में बारिश होगी।

तापमान सामान्य से 9.0 डिग्री कम

सोमवार की देर रात आंधी-तूफान के साथ बारिश होने के बाद शहर का तापमान धड़ाम हो गया। 24 घंटे के दौरान शहर का अधिकतम तापमान 8.8 और न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस घटा है। मंगलवार को शहर का अधिकतम तापमान सामान्य से 9.0 डिग्री कम 30.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से 6.0 डिग्री कम 19.0 डिग्री सेल्ससिय दर्ज किया गया।

बिजली व्यवस्था ध्वस्त

सोमवार की देर रात आए तेज आंधी पानी ने नन-कंपनी इलाके में बिजली व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त कर दी। जिसके कारण आम जनता को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि बिजली विभाग भी रात से ही लाइन दुरुस्त करने में जुट गया और पूरे शहर में 10 बजे सुबह तक बिजली आपूíत बहाल कर दी गई। हालांकि कुछ इलाके में ज्यादा नुकसान होने के कारण दोपहर 2.30 बजे तक बिजली आपूíत बहाल हो सकी।