जमशेदपुर (ब्यूरो): सिटी में विगत दो दिनों से मौसम में बदलाव आता रहा। लगातार दो दिनों से धूम नहीं निकली, जिस कारण ठंड में बढ़ोतरी होने लगी थी। इस बीच आज हुई बारिश ने ठंड को और बढ़ाने का काम किया। मौसम के बदलते मिजाज के कारण आज लोग घरों से नहीं निकले। बदलते मौसम के कारण सेहत पर उसका असर और कोरोना संक्रमण को देखते हुए बारिश से लोग बचते दिखे। हालांकि आज बारिश भी क्षेत्र के हिसाब से होती दिखी। सुबह में सरायकेला-खरसांवा जिले में बारिश हुई तो दोपहर बाद जमशेदपुर में भी बारिश शुरू हो गई।

तापमान में आई गिरावट

मौसम विभाग ने बुधवार को भी बारिश का अनुमान लगाया है। लगातार बारिश के कारण दिन के तापमान में तेजी से गिरावट हुई है। शहर का तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस से घटकर 23.4 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। इस कारण दिन में भी ठंड का अहसास होने लगा है। कुछ क्षेत्रों में 12 बजे के बाद बारिश शुरू होने से लोग घंटों सुरक्षित स्थानों में खड़े होकर बारिश बंद होने का इंतजार करते दिखे तो कुछ लोग छाता लेकर घर से निकले और अपने जरूरी काम निपटा कर वापस घर लौट गए।

3-4 दिन ऐसा ही रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन चार दिनों तक मौसम इसी तरह बना रहेगा। विभाग की ओर से झारखंड के पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, बोकारो, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, रांची आदि जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। वर्षा के साथ वज्रपात होने की भी संभावना जताई गई है। इसे लेकर लोगों से पेड़ के नीचे और बिजली के खंभों से दूरी बनाये रखने के साथ किसानों से खेतों में नहीं जाने की अपील भी की गई है।