जमशेदपुर (्ब्यूरो) : आदित्यपुर स्थित श्रीनाथ विश्वविद्यालय में चल रहे झारखंड राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (जेएनएफएफ) सीजन-4 के समापन समारोह में भाग लेने के लिए राम तेरी गंगा मैली फेम बॉलीवुड अभिनेत्री मंदाकिनी आदित्यपुर पहुंचीं। यहां मंदाकिनी की एक झलक पाने के लिए विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं सहित महोत्सव में भाग लेने पहुंचे अन्य लोगों में भी उत्सुकता देखने को मिली। महोत्सव में लोक गायक पद्मश्री मुकुंद नायक भी अतिथि के रूप में शरीक हुए। विश्वविद्यालय के कुलाधिपति सुखदेव महतो तथा कुलपति गोविंद माधव महतो ने मंदाकिनी तथा मुकुंद नायक को बुके देकर उनका स्वागत किया।

नृत्य की दी प्रस्तुति

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने अभिनेत्री मंदाकिनी पर फिल्माए गए गानों पर नृत्य की प्रस्तुति दी। मंदाकिनी भी यह देख खुश नजर आई। इस दौरान टॉक-शो का भी आयोजन हुआ, जिसमें कार्यक्रम संचालक द्वारा पूछे गये प्रश्नों का जबाब भी बॉलीवुड अभिनेत्री ने दिया।

अच्छे लोगों का मार्गदर्शन जरूरी

बॉलीवुड में आगे बढऩे के संबंध में पूछे गए प्रश्न के उतर में मंदाकिनी ने बताया कि लगन और मेहनत के साथ कलाकारों को बॉलीवुड में अच्छे लोगों का साथ और मार्गदर्शन मिलना भी जरूरी है। उन्होंने कुछ एलबम और फिल्मों के जरिए अपनी वापसी होने की बात कही।

कड़ी मेहनत से बना सकते हैं फिल्मी कॅरियर

मंदाकिनी ने बताया कि बॉलीवुड में कड़ी मेहनत से फिल्मी कॅरियर बनाया जा सकता है, लेकिन इसमें सबसे ज्यादा जरूरी शुरुआती दौर में सही मार्गदर्शन मिलना है। उन्होंने बताया कि बॉलीवुड में जो कलाकार पहले से काम करते आये हैं, वे चाहते हैं कि उनके बच्चे भी इस फिल्ड में अपना कॅरियर बनाएं। इस कारण फिल्म अभिनेता-अभिनेत्रियों के बच्चों को काम करने में सहूलियत होती है। अपने फिल्मी कॅरियर के संबंध में उन्होंने ने बताया कि उन्हें संघर्ष नहीं करना पड़ा, क्योंकि शुरुआती दौर मे ही उन्हें बेहतरीन फिल्में मिली थीं। इस अवसर पर संजय सत्पथी, उदय सत्पथी, राजू मित्रा सहित अन्य लोग उपस्थित थे।