जमशेदपुर : बोकारो के गोमिया थाना क्षेत्र हजारी स्थित ससुराल गए पूर्वी सिंहभूम जिले के साकची के टाटा स्टील क्वार्टर क्षेत्र निवासी एक युवक की संदिग्ध मौत हो गई। ससुराल वालों ने पुलिस को बताया छत से कूदकर दामाद ने खुदकुशी कर ली, वहीं मृतक के पिता ने गोमिया थाना लिखित शिकायत देते हुए आरोप लगाया कि ससुराल वालों ने बेटे को छत से फेंककर हत्या कर दी है या मरने के लिए मजबूर कर दिया। गोमिया थाना की पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना दो अगस्त की है। गोमिया थाना प्रभारी आशीष खाखा ने बताया युवक के पिता की शिकायत पर मृतक की बहू समेत ससुराल पक्ष पर खुदकुशी के लिए प्रेरित किए जाने की प्राथमिकी दर्ज की गई है।

नौ मई को हुई थी शादी

इधर, जानकारी अनुसार युवक की विगत नौ मई को गोमिया के हजारी में शादी हुई थी। विवाह के 10 दिन बाद ही पत्नी मायके चली गई थी। घटना के दिन युवक अपनी पत्नी को लाने ससुराल गया था, लेकिन पत्नी ने साथ जाने से मना कर दिया जिसके बाद युवक दो मंजिला मकान से कूद गया। गंभीर रूप से घायल होने पर उसे गोमिया के निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया जहां से उसे बेहतर इलाज को रांची मेदांता रेफर कर दिया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

टाटा स्टील कर्मी हैं पिता

युवक के पिता जो टाटा स्टील के कर्मचारी है। गोमिया थाना में लिखित शिकायत देते हुए बताया दो अगस्त को 12.30 बजे बेटे के ससुराल पक्ष से फोन कर बताया गया आपका बेटा छत से कूद गया है। जख्मी है। रांची मेदांता में लाया गया है। सूचना पर वे रांची अस्पताल पहुंचे। एंबुलेंस में बेटे को देख डाक्टर से पूछा तो जानकारी मिली। बेटे की मौत हो चुकी है। 12.30 से पहले बेटे ने फोन कर बताया था उसकी बहू, सास और ससुर और अन्य ससुराल में घुसने नहीं दे रहे हैं। गाली-गलौज कर रहे हैं। प्रताडि़त कर रहे हैं। सभी लोग मार देंगे या मजबूर कर देंगे। पिता ने बताया पुत्र की मौत होने के बाद पुत्र के ससुर अस्पताल से भाग गए थे। उनसे मुलाकात तक नहीं की थी।

पोस्टमार्टम का इंतजार

वहीं ससुराल वालों ने गोमिया थाना की पुलिस को बताया दामाद असाध्य रोग से ग्रसित था जिसकी जानकारी बेटी को हो गई थी। पति के साथ जीवन बिताने को तैयार नहीं थी। इसलिए साथ जाने से मना कर दिया था इसके बाद दामाद ने मकान की छत से छलांग लगा दिया। गोमिया के नरसेवा नारायण सेवा में इलाज को दाखिल कराया गया था। इधर, गोमिया थाना प्रभारी आशीष खाखा ने बताया पुलिस मामले की जांच कर रही है। शव के पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।