जमशेदपुर (ब्यूरो): मारवाड़ी महिला मंच द्वारा नेत्रदान की दिशा में लगातार पहल की जा रही है। इसे लेकर लोगों को जागरुक कर मृत्यु के बाद नेत्रदान भी करवाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को जुगसलाई शिवा रेसिडेंसी के रहने वाले संजय कुमार अग्रवाल (उम्र 56 वर्ष) की मृत्यु के बाद उनकी आंखे डोनेट की गईं। वे दुनिया छोड़ चुके हैं, लेकिन अब भी उनकी आंखें रोशनी देती रहेंगी।

नेत्रदान करवाया

मारवाड़ी महिला मंच जमशेदपुर की पहल पर संजय के निधन के पश्चात उनके छोटे भाई विजय अग्रवाल एवं बहन निधि अग्रवाल की सहमति से शनिवार को जुगसलाई स्थित उनके आवास पर ही नेत्रदान करवाया गया। इससे दो लोगों की दुनिया रोशन होगी। इस कार्य में रोशनी संस्था की अध्यक्ष तरू गांधी, सीता जोशी एवं नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉक्टर अजय गुप्ता सहित मारवाड़ी महिला मंच की सदस्यों की खास भूमिका रही। इसके लिए मारवाड़ी महिला मंच जमशेदपुर की अध्यक्ष बीना अग्रवाल ने संजय के परिवार वालों, रोशनी संस्था एवं डॉ अजय गुप्ता के प्रति आभार जताया।

शनिवार को हुआ निधन

मालूम हो कि संजय अग्रवाल महिला मंच की सदस्य विद्या अग्रवाल के जेठ थे। जिनका आकस्मिक निधन शनिवार को हो गया। उनका अंतिम संस्कार जुगसलाई शिव घाट में संपन्न हुआ। यह जानकारी मारवाड़ी महिला मंच की सुशील खीरवाल ने दी।

संपर्क करने की अपील

उन्होंने बताया कि मारवाड़ी महिला मंच जमशेदपुर शाखा द्वारा कई सालों से नेत्रदान महादान पर अभियान चलाया जा रहा है। मृत्यु के पश्चात नेत्रदान करवाने में सक्षम भी हुए हैं। कोविड-19 के तहत विगत 2 वर्षों से कोई भी नेत्रदान नहीं हो पाया था। पुन: इस कार्य में सभी जोर-शोर से लग गए हैं। इस वर्ष 2023 में यह दूसरा नेत्रदान है। उन्होंने समाज के सभी लोगों से नेत्रदान करवाने के इच्छुक लोगों से मंच की अध्यक्ष बीना अग्रवाल (9304833999), सुशीला खीरवाल (9431952424) एवं सीमा अग्रवाल (7858016351) से संपर्क करने की अपील की है।