JAMSHEDPUR: राज्य में जैसे-जैसे जांच की गति बढ़ती है नए मामले भी अधिक सामने आ रहे हैं। शनिवार को भी शाम तक विभिन्न जिलों में 722 नए मामले सामने आ चुके थे, जबकि कई जगहों से रिपोर्ट आनी बाकी ही थी। एक दिन पूर्व भी राज्य में कुल 11,047 लोगों की कोरोना जांच हुई थी, जिनमें 9,90 पॉजिटिव पाए गए थे। इधर, शनिवार को भी राज्य में 12 मरीजों की मौत हो गई। जमशेदपुर के टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में इलाजरत सात लोगों की मौत हुई, जिनमें इसमें दो महिला व पांच पुरुष शामिल हैं। इनमें दो सरायकेला-खरसावां के मरीज थे। इसी तरह रांची तथा हजारीबाग में दो-दो तथा कोडरमा में एक मरीज की मौत हुई है। रांची में एक पुलिसकर्मी की मौत रांची के एक निजी अस्पताल में हो गई।

सभी जिलों से मिले मरीज

शनिवार को भी राज्य के लगभग सभी जिलों में नए मरीज मिले हैं। राहत की बात यह है कि 600 मरीज स्वस्थ भी हुए। सरायकेला खरसावां में 32, लातेहार में 14, लोहरदगा में 12 तथा खूंटी में 11 मरीजों की पुष्टि दिन में ही हो गई थी। इधर, नए संक्रमित के मिलने तथा पुराने मरीजों के ठीक होने के बाद राज्य में सक्रिय मरीजों की संख्या 9,629 हो गई है। वहीं कोरोना के कुल मामले 28,953 हो गए हैं। हालांकि इनमें अबतक 18,972 स्वस्थ हो चुके हैं। राज्य में कोरोना से अबतक 352 लोगों की मौत हो गई है।

कोरोना जांच के दिए निर्देश

राज्यपाल ने राजभवन में पदस्थापित सभी कर्मियों की कोरोना जांच कराने के निर्देश रांची जिला प्रशासन को दिए हैं। इस आलोक में शनिवार को रांची सदर अस्पताल द्वारा राजभवन में पदस्थापित जैप के जवानों के सैंपल लिए गए। रविवार को विशेष शाखा के जवानों तथा अन्य कर्मियों की जांच होगी। राजभवन के सुरक्षा कर्मी या अन्य कर्मियों के संक्रमित मिलने पर राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू भी स्वयं जांच करा सकती है।