जमशेदपुर (ब्यूरो): भुइयांडीह स्लैग रोड स्थित नीतिबाग कॉलोनी में चल रहे सात दिवसीय भागवत कथा के छठे दिन गुरुवार को कथावाचक आचार्य बालव्यास पंडित विवेक महाराज ने श्री कृष्ण-रुक्मणी विवाह, रास पंचांग अध्याय, गोपी उद्धव संवाद कथा का वर्णन किया। कथाव्यास की वाणी से कृष्ण-रुक्मणी विवाह का वर्णन सुनकर श्रद्धालु भाव विभोर हो गए। कृष्ण-रुक्मणी विवाह की सुंदर झांकियों ने सभी का मन मोह लिया। श्रद्धालुओं ने विवाह के मंगल गीत गाए।

परमात्मा का अंश है जीव

कथा वाचक ने कहा कि रुक्मणी विदर्भ देश के राजा भीष्म की पुत्री और साक्षात लक्ष्मी जी का अवतार थीं। रुक्मणी ने जब देवर्षि नारद के मुख से श्रीकृष्ण के रूप, सौंदर्य एवं गुणों की प्रशंसा सुनी तो उसने मन ही मन श्रीकृष्ण से विवाह करने का निश्चय किया। उन्होंने कहा कि भगवान कृष्ण ने 16 हजार कन्याओं से विवाह कर उनके साथ सुखमय जीवन बिताया। उन्होंने कहा कि महारास में भगवान श्रीकृष्ण ने बांसुरी बजाकर गोपियों का आह्वान किया। महारास लीला द्वारा ही जीवात्मा परमात्मा का ही मिलन हुआ। कथा वाचक ने कहा कि जीव परमात्मा का अंश है, इसलिए जीव के अंदर अपारशक्ति रहती है। यदि कोई कमी रहती है, वह मात्र संकल्प की होती है। संकल्प व कपट रहित होने से प्रभु उसे निश्चित रूप से पूरा करेंगे।

रास पंच अध्याय का किया वर्णन

उन्होंने रास पंच अध्याय का वर्णन किया। कहा कि महारास में पांच अध्याय है। उनमें गाए जाने वाले पंच गीत भागवत के पंच प्राण है। जो भी ठाकुरजी के इन पांच गीतों को भाव से गाता है, वह भव पार हो जाता है। उन्हें वृंदावन की भक्ति सहज प्राप्त हो जाती है। मौके पर आयोजक मंडली की ओर से आकर्षक वेश-भूषा में श्रीकृष्ण व रुक्मिणी विवाह की झांकी प्रस्तुत कर विवाह संस्कार की रस्मों को पूरा किया गया।

आज होगा सुदामा चरित्र का वर्णन

सातवें दिन शुक्रवार को सुदामा चरित्र, शुकदेव विदाई, परीक्षित मोक्ष, भागवत कथा प्रसंग होगा। गुरूवार को मुख्य यजमान गोविन्द राम सरोज और सुनीता सरोज थे। इस अवसर पर श्रीराम सरोज, हरिओम सरोज, आकाश पाठक, मनोज शर्मा, विकाश शर्मा, संजय ठाकुर, रामेश्वर सिंह, विक्रम ठाकुर, अमृता अग्रवाल सहित अन्य उपस्थित थे।