जमशेदपुर (ब्यूरो)। महानवमी के दिन मंगलवार को भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने सिदगोड़ा स्थित सूर्य मंदिर में सपरिवार कन्या पूजन किया। उन्होंने धर्मपत्नी रुक्मणि देवी एवं पुत्र ललित दास के संग मंदिर प्रांगण में हवन करने के उपरांत मां दुर्गा की आरती कर शक्तिस्वरूपा कन्याओं का पूजन किया। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने नौ कन्याओं का पूरे विधि-विधान से पूजन किया और उनका आशीर्वाद लिया। इसके साथ ही, उन्होंने 112 छोटी कन्याओं को मंदिर प्रांगण में अपने हाथों से हलवा, पूरी-सब्जी, खीर और चटनी के रूप में भोग खिलाया। पूर्व मुख्यमंत्री ने कन्या पूजन के पश्चात कन्याओं को भेंट प्रदान कर उनके उच्च्वल भविष्य की शुभकामनाएं व्यक्त की। इस दौरान सूर्य मंदिर कमेटी के अध्यक्ष संजीव सिंह, भाजपा महानगर अध्यक्ष गुंजन यादव, कल्याणी शरण, लक्ष्मीकांत सिंह, कमलेश सिंह, कुलवंत सिंह बंटी, पवन अग्रवाल, राकेश सिंह, सुशांत पांडा, प्रेम झा, संतोष ठाकुर, सुरेश शर्मा, अजय सिंह, संजय सिंह, राकेश सिंह, जीवन साहू, नीलू झा, मधुमाला, बिमला साहू, लकी कौर, मनी सिंह समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।

भुवनेश्वरी मंदिर में हवन यज्ञ, शामिल हुए सरयू

जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय टेल्को स्थित श्री श्री भुनेश्वरी मंदिर में विजयादशमी को आचार्य आर गोविंदराजन के सानिध्य में मंदिर यज्ञशाला में लोगों के कल्याण के लिए आयोजित हवन यज्ञ में शामिल हुए। मौके पर इंद्रजीत सिंह, महिला जिला अध्यक्ष मंजू सिंह, टेल्को मंडल अध्यक्ष महेश तिवारी, टेल्को के विधायक प्रतिनिधि अभय सिंह, उपाध्यक्ष राकेश कुमार, अरविंद श्रीवास्तव एवं अन्य मौजूद थे।

कन्याओं के बीच पाठ्य सामग्री वितरित

मारवाड़ी युवा मंच स्टील सिटी शाखा द्वारा नवरात्रि के मौके पर 9 दिवसीय कन्या भ्रूण संरक्षण अभियान के समापन एवं नवमी के दिन साकची अग्रसेन भवन में महाप्रसाद का आयोजन किया गया। इस दौरान शाखा द्वारा 11 कन्या रूपी देवियों को जिमाया गया और उनके बीच पाठ्य सामग्री वितरित किया गया। इस कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती प्रियंका सिंघल ने पाठ्य सामग्री प्रदान की। मंच द्वारा श्रीमती प्रियंका सिंघल को कन्या भ्रूण संरक्षण अभियान एवं बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत दुपट्टा और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।

मारवाड़ी महिला मंच का डांडिया 9 को

मारवाड़ी महिला मंच जमशेदपुर द्वारा नवरात्रि के मौके पर 9 अक्टूबर को डांडिया धमाल का आयोजन किया जा रहा है। साकची धालभूम क्लब में शाम 6:30 बजे से डांडिया का आयोजन होगा। अध्यक्ष बीना अग्रवाल ने कहा की मंच की महिलाएं प्रोग्राम को सफल बनाने में जुटी हुई हैं। उन्होंने बताया कि इसमें 5 से 15 वर्ष, 16 से 25 वर्ष, 26 से 40 वर्ष, 41 से 50 वर्ष और 50 वर्ष से ऊपर सभी स्त्री, पुरुष इस प्रतियोगिता में हिस्सा ले सकते हैं। डांडिया में प्रवेश सिर्फ प्रवेश पत्र के द्वारा ही किया जा सकता है। सभी प्रतियोगिता में नृत्य एवं वेशभूषा के आधार पर पुरस्कृत किया जाएगा। लोगों के बीच करीब 50 से अधिक पुरस्कार बांटे जाएंगे।