जमशेदपुर(ब्यूरो)। शहर की धार्मिक संस्था श्री श्याम मित्र मंडल मानगो द्वारा दो दिवसीय 24वां श्री श्री श्याम जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। देवउठनी ग्यारस के शुभ अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के पहले दिन गुरुवार को मानगो न्यू पुरूलिया रोड स्थित श्याम भवन में सुबह से लेकर देर रात तक भजनों संग बाबा श्याम के जयकारे गूंजते रहे। आज के इस धार्मिक आयोजन में मुख्य यजमान स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता थे। उन्होंने बाबा श्याम की पूजा अर्चना कर झारखंड में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। इससे पहले सुबह श्री सामूहिक श्याम अखंड ज्योत पाठ और शाम को श्री श्याम पाठ का सागार हुआ। श्याम अखंड पाठ में लगभग 150 से अधिक महिलाएं रंग-बिरंगी परिधान में शामिल थीं। सुबह की पूजा यजमान नीतू-पवन अग्रवाल और शाम की पूजा यजमान सुधा-बन्ना गुप्ता (स्वास्थ्य मंत्री) ने की। पंडित नाथु लाल शर्मा ने विधिवत पूजा अर्चना की और सबको रक्षा सूत्र बांधा।

हजारों भक्तों ने लिया आशीर्वाद

हजारों भक्तों ने श्याम बाबा का दर्शन कर आर्शीवाद लिया। रात 12 बजे केक कटिंग के बाद भक्तों के बीच बधाई बांटी गयी। देर रात महाआरती के बाद उपस्थित भक्तों के बीच छप्पन भोग प्रसाद वितरित किया गया। मौके पर कोलकाता की आमंत्रित कलाकार प्रिया पोद्दार और दिनेश अग्रवाल द्वारा सुयंक्त रूप से बाबा श्याम पाठ का वाचन किया गया। पाठ वाचन के दौरान बाबा श्याम के भजनों पर नृत्य नाटिका की भी प्रस्तुति कलाकारों द्वारा की गयी। कलाकार प्रिया पोद्दार द्वारा धरती झूमे, अंबर झूमे, झूम उठ्यो संसार, माता अहलवाती के आंगणिए में श्याम लियो अवतार भजन प्रस्तुत करते ही सभी भक्त नाचने लगे। कोलकाता की ममता बिहानी एंड टीम द्वारा रात 9.15 बजे से भजनों की अमृत वर्षा की गयी। स्थानीय कलाकार एन कृष्णामूर्ति ने गणेश वंदना से भजनों के कार्यक्रम की शुरुआत की।

ये रहा आकर्षण का केन्द्र

इस महोत्सव का मुख्य आकर्षण श्याम बाबा का भव्य दरबार, छप्पन भोग, अखंड च्योत, रात 12 बजे केक कटिंग, बधाई बांटना था। बाबा श्याम का मनभावन दरबार कोलकाता के विशेष कारीगरों द्वारा सजाया गया था। श्याम भवन को आकर्षक विद्युत सच्जा समेत आसपास के क्षेत्रों को श्याम पताका से सजाया गया है।

इनका रहा योगदान

इस कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्था के अध्यक्ष महावीर प्रसाद अग्रवाल, सीमांत अग्रवाल, विजय खेमका, शंकर लाल अग्रवाल, सीताराम महेश्वरी, पवन अग्रवाल, अशोक चौधरी, गणेश अग्रवाल, शिव प्रकाश शर्मा, विजय अग्रवाल, पवन संघी, मनोज मोदी, तुलसी खेमका, अंकित अग्रवाल, राजेश मोदी, महेश देबूका, बिष्णु अग्रवाल, मुकेश देबूका, रमेश अग्रवाल आदि का योगदान रहा।

महाप्रसाद वितरण आज

कल यानी शुक्रवार की सुबह 4.15 बजे मंगला आरती होगी। बारस का पूजन एवं सुबह 11.15 बजे से भोग लगेगा। महाप्रसाद दोपहर 1.15 बजे से शुरू होगा।