जमशेदपुर (ब्यूरो): श्रीश्री साकची शिव मंदिर एवं श्री श्याम परिवार का 34वां श्री श्री श्याम महोत्सव आगामी एक फरवरी को आयोजित होगा। कार्यक्रम को सफल बनाने और तैयारी कार्य की प्रगति के लिए श्याम भक्तों की एक बैठक साकची शिव मंदिर में बबलू अग्रवाल की अध्यक्षता में हुई।

श्याम परिवार के उमेश साह ने बताया कि इस साल बाबा के दरबार में भजनों की अमृत वर्षा करने के लिए जयपुर से प्रसिद्ध भजन गायक उमा लहरी, कोलकाता से राज पारीक शहर आ रहे हैं। साथ ही स्थानीय भजन गायक कृष्णा मूर्ति भी बाबा के दरबार में हाजिरी लगाएंगे। रात 9 बजे से भजनों की अमृत वर्षा होगी। महोत्सव का मुख्य आकर्षण भव्य दरबार, आलौकिक श्रृंगार, छप्पन भोग, अखंड ज्योत और विशाल संकीर्तन होगा।

शामिल होंगे 1100 भक्त

उन्होंने बताया कि एक फरवरी को दोपहर 2 बजे साकची शिव मंदिर से श्याम नाम की ध्वजा लिए निशान (शोभा) यात्रा निकाली जायेगी, जो विभिन्न मार्गो से होते हुए वापस मंदिर आकर संपन्न होगी। इसमें 1100 भक्त निशान के साथ शामिल रहेंगे। शोभा यात्रा में 400 महिलाएं और 100 युवा एक ही परिधान में शामिल होंगे। निशान (शोभा) यात्रा हेतु पहले आओ-पहले पाओ की तर्ज पर कूपन का वितरण किया गया है।

मेंहदी उत्सव 31 को

श्याम महोत्सव के एक दिन पहले मंगलवार 31 जनवरी को मेंहदी उत्सव (मेंहदी श्याम नाम की) का आयोजन साकची शिव मंदिर के प्रथम तल्ले पर होगा। इसका आयोजन कविता अग्रवाल, मनीषा संघी, अंजू चेतानी निशा सिंघल, बबली शाह की देखरेख में सुबह 11 से शाम 7 बजे तक होगा। श्याम नाम की मेंहदी लगवाने के लिए लगभग 300 से अधिक महिलाएं शामिल होगी।

बैठक में थे मौजूद

बैठक में सुरेश अग्रवाल, सुभाष शाह, नरेश अग्रवाल, गिरधारी खेमका, कमलेश चौधरी, पवन खेमका, तुषार जिंदल, आशीष खन्ना, अमित शाह, अंकित अग्रवाल, मोहित शाह, अमन खेमका, नरेश सिंहानिया, अमन नरेड़ी, बजरंग लाल अग्रवाल, अमर डगबाजिया, गौरव जवानपुरिया, राजू दूबे, रवि दूबे, महेश अग्रवाल, मनोज पप्पू अग्रवाल आदि उपस्थित थे।